गया जी में 9 लाख के जेवरात चोरी का खुलासा, मामा के बेटे ने दोस्तों संग रची थी साजिश, तीन ज्वेलर्स गिरफ्तार

Gaya Ji News : गया जी में स्वास्थ्य विभाग की कर्मचारी के घर से 9 लाख रुपये के जेवरात चोरी हो गए. पुलिस ने इस मामले में महिला के मामा के बेटे सहित तीन नाबालिग और तीन आभूषण दुकानदारों को गिरफ्तार किया है. सीसीटीवी फुटेज से खुलासे के बाद पुलिस ने कार्रवाई की.

Gaya Ji News : मुफस्सिल थाने की पुलिस ने सिद्धार्थपुरी मोहल्ले में महिला स्वास्थ्य विभागकर्मी पूजा उर्फ सुभद्रशना के घर नौ लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी मामले में तीन नाबालिग और तीन आभूषण दुकानदार को गिरफ्तार किया है. नाबालिग बच्चों की निशानदेही पर संन्यास आश्रम समीप खंडहरनुमा मकान में छुपा कर रखे दो देसी कट्टा भी बरामद हुए. वहीं, महिला के घर से चोरी गए आभूषण को दुकानदार यशवंत सिंह ने भट्टी में गलाकर उसका स्वरूप बदल दिया था, लेकिन आभूषण के टुकड़े को भी जब्त कर लिया गया. इस मामले में एसएसपी सुशील कुमार के निर्देशन पर डीएसपी सुनील कुमार पांडेय के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया था.

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी करतूत

डीएसपी ने बताया कि घटना के साथ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन विधि निरुद्ध बालक समेत तीन दुकानदारों को गिरफ्तार कर लिया. इसमें गिरफ्तार दुकानदारों ने अपना जुर्म कबूल भी किया है कि बच्चों के पास से चोरी के कीमती आभूषण 5500 रुपये में खरीद किए थे. डीएसपी ने बताया कि चोरी के आभूषण बच्चे अलग-अलग जेवरात दुकान पर बेचे थे. इसमें दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में भी सभी करतूत कैद साक्ष्य के तौर पर मिली है.

तीन आभूषण दुकानदार और नाबालिग भेजे गए जेल

बच्चों की निशानदेही पर संन्यास आश्रम समीप से एक कमरे से दो देसी कट्टा भी बरामद हुआ है. इस मामले में जनकपुर मधुमति आश्रम समीप का रहने वाला आभूषण दुकानदार अंकित कुमार वर्मा, मानपुर कुम्हारटोली का रहने वाला भोला साहू का बेटा राहुल कुमार उर्फ रोहित के अलावा नालंदा जिले के गिरियक थाना क्षेत्र अंतर्गत क्रमपुर गांव निवासी सुनील सिंह का बेटा यशवंत सिंह, जिसका वर्तमान पता सिद्धार्थपुरी है, उसे गिरफ्तार कर लिया गया. तीनों नाबालिगों को पुलिस संरक्षण में बाल सुधार गृह भेजा गया. वहीं, दुकानदारों को न्यायालय में पेश कर न्यायालय आदेश पर जेल भेज दिया गया. वजीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लिपिक पद पर मानपुर सिद्धार्थपुरी मोहल्ले की रहने वाली पूजा उर्फ सुभद्रशना (पति विकास कुमार) अपने आर्किटेक्ट इंजीनियर पति के पास मुंबई कुछ दिनों के लिए चली गई थीं. वह अपने ऊपर के फ्लोर का ताला लगा रखी थीं और चाबी भी किसी जगह छुपा रखी थीं.

मामा के बेटे ने ही रची थी चोरी की साजिश

पीड़ित महिला के अनुसार मकान के निचले फ्लोर पर उसके रिश्ते में लगने वाली मामी अपने परिवार के साथ रहती थीं. इधर मुंबई जाने के बाद मामी का बेटा छुपा कर रखी चाबी को खोज लिया और अपने कुछ नाबालिग दोस्तों के साथ मिलकर करीब नौ लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर लिए और अलमारी के साथ अन्य फ्लोर पर लगे ताले को बंद कर दिया और चाबी को उसी जगह पर रख दिया, ताकि कोई शक नहीं कर सके. जब मुंबई से वापस लौटे तो अलमारी खोलने पर चोरी की जानकारी मिली. डीएसपी ने बताया कि इस मामले के उद्भेदन में थानाध्यक्ष देवराज इंद्र, अपर थानाध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, एसआई मोहम्मद इमरान, एएसआई कमल किशोर व एएसआई अमित कुमार को पुरस्कृत किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >