गया जी : तरवां बाजार में जलजमाव से लोगों की बढ़ी परेशानी, सड़क पर उतरे ग्रामीण

Gaya Ji News : गया जी जिले के तरवां बाजार में नाला जाम होने से सड़क पर जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है. नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन और विधायक से नाला निर्माण व स्थायी समाधान की मांग की.

Gaya Ji News : वजीरगंज-फतेहपुर मुख्य मार्ग स्थित तरवां बाजार में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक के समीप नाला जाम रहने के कारण सड़क पर स्थायी जलजमाव हो गया है. वहीं सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में गंदा पानी भरा रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के साथ ही स्थिति और गंभीर हो गई है तथा कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. शनिवार को समस्या के विरोध में स्थानीय ग्रामीण सड़क पर जुटे और प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की.

प्रमुख व्यावसायिक केंद्र में बदहाली

सरपंच प्रतिनिधि क्रांतिवीर शर्मा ने बताया कि तरवां बाजार गया व नवादा जिले के साथ चार प्रखंडों के दर्जनों गांवों का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है. प्रतिदिन हजारों लोग खरीदारी, पढ़ाई और अन्य कार्यों से यहां पहुंचते हैं. बाजार में केदारनाथ उच्च विद्यालय, मध्य विद्यालय, कई निजी शिक्षण संस्थान, खेल स्टेडियम व पुलिस टीओपी भी हैं, लेकिन वर्षों से जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है.

ग्रामीणों ने बताया कि पहली ही बारिश में सड़क जगह-जगह धंस गई है और गहरे गड्ढों में पानी जमा रहने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है. गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों की आशंका बनी हुई है.

विधायक से नाला निर्माण की मांग

लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन के माध्यम से वजीरगंज विधायक वीरेंद्र सिंह से भी सड़क और नाला निर्माण की मांग की गई थी. इस प्रदर्शन में सदन प्रसाद, संजय कुमार, मिस्टर जियाउद्दीन, धर्मदेव प्रसाद, अशोक लाल, जगरूप यादव, डॉ. बालकृष्ण प्रसाद, राजू अंसारी, मो. आरिफ, विजय वर्मा, पप्पू लाल एवं सहदेव साव सहित कई ग्रामीण मौजूद थे.

ग्रामीणों ने प्रशासन से जाम नालियों की सफाई, आरसीसी नाली व पुलिया निर्माण तथा सड़क की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत जल्द कराने की मांग की है.

Also Read : गया जी : एसएमएसजी कॉलेज में अवैध वसूली का आरोप, एबीवीपी ने की कार्रवाई की मांग


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amrendra kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >