खेल मैदान में पंचायत सरकार भवन निर्माण को लेकर ग्रामीणों की आपत्ति, आयोग सदस्य ने लिया जायजा

नगवां गांव में खेल मैदान पर पंचायत सरकार भवन निर्माण को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने बिहार राज्य अनुसूचित जाति आयोग से शिकायत की थी। आयोग सदस्य डॉ. संजय कुमार दास ने स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

बिहार राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य डॉ. संजय कुमार दास ने शनिवार को नगवां गांव पहुंचकर डॉ. भीमराव आंबेडकर खेल मैदान में प्रस्तावित पंचायत सरकार भवन निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया. स्थानीय ग्रामीणों ने आयोग से लिखित शिकायत की थी कि पंचायत सरकार भवन का निर्माण खेल मैदान की जमीन पर कराया जा रहा है, साथ ही यह निर्माण बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के स्मारक स्थल पर भी कराया जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि इससे स्थानीय खिलाड़ियों और ग्रामीणों को आने वाले समय में काफी परेशानी होगी.

निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा

इस शिकायत के आलोक में डॉ. संजय कुमार दास ने संबंधित विवादित स्थल का सघन निरीक्षण कर ग्रामीणों से पूरी जानकारी ली तथा मौके पर उपस्थित अधिकारियों से भी पूरे मामले की विस्तृत जानकारी प्राप्त की. उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस पूरे मामले की पूरी तरह निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि चल रहा निर्माण कार्य नियमों के विरुद्ध पाया गया, तो निश्चित रूप से विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

सीओ को जांच के निर्देश

निरीक्षण के दौरान उन्होंने फतेहपुर की अंचलाधिकारी (सीओ) अमिता सिन्हा को भूमि से संबंधित सभी सरकारी अभिलेखों की गहन जांच कर नियमानुसार कार्य करने का कड़ा निर्देश दिया. आयोग के सदस्य ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार का निर्माण पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए ही होना चाहिए तथा जनहित से जुड़े मामलों को ध्यान में रखते हुए उनकी भी समस्या का समाधान किया जाना चाहिए. इस मौके पर सीओ अमिता सिन्हा, बीडीओ शशि भूषण साहू और थाना प्रभारी मनोज कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >