नगर पर्षद के उपसभापति सागर दीवान के असामयिक निधन पर शुक्रवार को तिताईगंज स्थित आवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. सभा में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सागर दीवान की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.
इस अवसर पर पूर्व मंत्री, हम के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अनिल कुमार, टिकारी विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय कुमार, राजद के जिलाध्यक्ष सुभाष यादव, सौरभ यादव, सामाजिक कार्यकर्ता राम बाबू यादव सहित कई शिक्षाविद् व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.
व्यक्तित्व और सामाजिक सरोकार पर चर्चा
वक्ताओं ने उनके सामाजिक सरोकार, सहज व्यक्तित्व और लोगों से आत्मीय संबंधों को याद करते हुए कहा कि सागर दीवान के निधन से टिकारी ने एक सक्रिय एवं मिलनसार जनप्रतिनिधि को खो दिया है. श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने कहा कि सागर हर किसी के लिए तन-मन-धन से खड़ा रहने वालों में से थे.
कोरोना काल और रक्तदान के क्षेत्र में योगदान
बेहद जिंदादिल, मिलनसार और सदैव दूसरों की मदद के लिए तत्पर रहने वाले सागर ने कोरोना महामारी जैसे कठिन दौर में अपनी जान की परवाह किए बिना अनगिनत लोगों की सहायता की और अनेक जरूरतमंदों का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. अपने जीवन काल में कई बार रक्तदान कर लोगों की जिंदगी बचाने का काम किया था.
समाजसेवा के प्रति समर्पण और प्रेरणा स्रोत
समाजसेवा के प्रति उनका समर्पण, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा.
