डुमरिया. थाना क्षेत्र के कोल्हुवार पंचायत स्थित मटहा गांव में 60 वर्षीय एक वृद्धा की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गयी. मृतका की पहचान धोबी यादव की पत्नी बिफनी देवी के रूप में हुई है. वारदात के पीछे डायन होने का शक और भूमि विवाद की दो अलग-अलग थ्योरी सामने आ रही हैं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जिसके घर शनिवार को ही तिलक समारोह होना था. शनिवार सुबह जब स्कूली बच्चे मटहा गांव के पश्चिम में स्थित रामसागर आहर की तरफ से गुजर रहे थे, तब उन्होंने महिला का शव देखकर शोर मचाया. इसके बाद भारी संख्या में ग्रामीण जुट गये.
बैंक के काम के बहाने घर से ले गये थे आरोपित
मृतका की नातिन काजल कुमारी और रानी कुमारी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे गांव के ही दो व्यक्ति उनकी नानी को बैंक के काम का झांसा देकर अपने साथ इमामगंज ले गये थे. जब देर रात तक बिफनी देवी घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला. शनिवार सुबह उनका शव बरामद हुआ. घर पर मृतका अपनी दो बहुओं और बच्चों के साथ रहती थी, जबकि उसके दोनों बेटे रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं.
ससुर की भी हुई थी ओझा-गुनी के शक में हत्या
भले ही पुलिस इस वारदात को गोतिया के बीच चल रहे भूमि विवाद का नतीजा बता रही हो, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार यह हत्या डायन के आरोप में की गयी है. चौंकाने वाली बात यह है कि मृतका के ससुर बरत यादव की भी अतीत में ओझा-गुनी के आरोप में हत्या कर दी गयी थी. ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में डायन-भूत के मामले को लेकर पहले भी कई बार पंचायत बैठ चुकी है. ऐसे में पुलिस का डायन के एंगल को शुरुआत में ही नकार देना कई सवाल खड़े करता है.
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष
घटना की सूचना मिलते ही डुमरिया थानाध्यक्ष राजू कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि महिला की हत्या धारदार हथियार से की गई है. पुलिस ने डायन-भूत के आरोप से इनकार करते हुए आशंका जतायी है कि गोतिया के बीच झगड़ा और भूमि विवाद इस हत्या का मुख्य कारण हो सकता है. थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया है.एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है. घर से बुलाकर ले जाने वाले दो युवकों में से एक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.
