लहरिया कट बाइक चलाने से मना किया, तो युवक ने की मारपीट बदमाशों ने बंदूक की बट से हमला कर दो लोगों को किया जख्मी फोटो-गया-शेरघाटी-03- घायल का इलाज करते डॉक्टर. प्रतिनिधि, शेरघाटी. शेरघाटी थाना क्षेत्र के झौर गांव में लहरिया कट बाइक चलाने को लेकर उत्पन्न विवाद ने मंगलवार देर रात हिंसक रूप ले लिया. इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है. इस घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है. जानकारी के अनुसार, गांव का एक युवक पिछले दो-तीन दिनों से तेज रफ्तार में लहरिया कट मारकर ब्लैक अपाचे बाइक चला रहा था. इससे ग्रामीण काफी परेशान थे, क्योंकि संकरी गलियों में छोटे-छोटे बच्चे भी रहते हैं. इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था. 21 अप्रैल 2026 की शाम करीब सात बजे गांव के प्रमोद प्रजापति, दीपक कुमार समेत अन्य ग्रामीणों ने युवक को समझाने का प्रयास किया. बात बढ़ गयी और युवक बाइक से उतरकर ग्रामीणों के साथ मारपीट करने लगा. इसके बाद युवक ने फोन कर शेरघाटी से अपने साथियों को बुला लिया. कुछ ही देर में तीन बाइकों पर सवार करीब आधा दर्जन बदमाश मौके पर पहुंचे और आते ही ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी. इसके बाद बदमाशों ने बंदूक की बट से प्रमोद प्रजापति और दीपक कुमार पर बेरहमी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. इस घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गये. खाेखा और बाइक बरामद घटनास्थल से एक खोखा और एक बाइक बरामद होने की बात सामने आयी है. प्रभारी थानाध्यक्ष रूपा कुमारी ने बताया कि झौर गांव में असामाजिक तत्वों की ओर से हवाई फायरिंग और मारपीट की घटना हुई है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. बहुत जल्द बदमाश पुलिस के गिरफ्त में होंगे.
युवक के बुलावे पर पहुंचे बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, दो लोग जख्मी
लहरिया कट बाइक चलाने से मना किया, तो युवक ने की मारपीट
