मानपुर: 42 हजार के लिए मरीज की जान से खिलवाड़, बंधक बनाने वाले डॉक्टर और अस्पताल संचालक पर केस दर्ज

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भदेजा स्थित मगध सुपर हॉस्पिटल में 42 हजार रुपये के बकाये के लिए मरीज को बंधक बनाने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. प्रभात खबर द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है.

गया (उदयशंकर प्रसाद की रिपोर्ट). मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भदेजा स्थित मगध सुपर हॉस्पिटल में 42 हजार रुपये के बकाये के लिए मरीज को बंधक बनाने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. प्रभात खबर द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है. अस्पताल संचालक और चिकित्सक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, साथ ही सिविल सर्जन ने अस्पताल को सील करने का सख्त निर्देश भी जारी कर दिया है.

प्रभात खबर की खबर का हुआ असर

सात मई को प्रभात खबर ने “42 हजार रुपए के बकाया के लिए निजी अस्पताल ने मरीज को बनाया बंधक ” शीर्षक से इस अमानवीय घटना को बेनकाब किया था. खबर पब्लिश होने के तुरंत बाद सिविल सर्जन ने मामले को गंभीरता से लिया. उन्होंने मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ऋषिकेश और प्रबंधक शशिभूषण के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर अस्पताल की जांच और उसे सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

गलत ऑपरेशन और बंधक बनाने का केस दर्ज

मामले के जांच अधिकारी और अपर थानाध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद ने बताया कि टनकुप्पा निवासी निरंजन कुमार की शिकायत पर कांड संख्या 468/26 दर्ज किया गया है. एफआईआर में अस्पताल प्रबंधन पर सरकारी काम में बाधा डालने, मरीज को बंधक बनाकर जबरन पैसे वसूलने और गलत तरीके से ऑपरेशन कर मरीज की जान जोखिम में डालने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं.

क्या था पूरा मामला?

8 अप्रैल को टनकुप्पा के रहने वाले 26 वर्षीय दीपू कुमार सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें इलाज के लिए मगध सुपर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. परिजनों का आरोप है कि इलाज में 1 लाख 10 हजार रुपये खर्च होने के बाद भी जब मरीज की हालत बिगड़ने लगी, तो वे उसे दूसरे अस्पताल ले जाना चाहते थे. इसी बात पर अस्पताल प्रबंधन ने 42 हजार रुपये बकाया बताकर मरीज के कमरे में बाहर से ताला जड़ दिया था. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मरीज को मुक्त कराया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRANJAL PANDEY

PRANJAL PANDEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >