मोहड़ा. राजगीर-तिलैया रेलखंड स्थित अरई रेलवे लाइन के पास शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. सुबह किसी व्यक्ति ने युवक को रेलवे ट्रैक के पास गिरा देखा, जिसके बाद यह खबर गांव में तेजी से फैल गयी और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गयी. प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है. सूचना मिलते ही सबसे पहले राजगीर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद जेठियन ओपी और अतरी थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर शव की पहचान में जुट गयी. ग्रामीणों के अनुसार, राजगीर की ओर से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है. मृतक की पहचान लखीसराय जिले के दिनेश प्रसाद सिंह के 28 वर्षीय पुत्र तेजस्वी उर्फ जॉनी के रूप में की गयी है. वह अपने फूफा मुन्ना सिंह के पास अतरी थाना क्षेत्र के सेवतर गांव में रहता था. बताया जाता है कि मुन्ना सिंह ने संतान नहीं होने के कारण तेजस्वी को गोद लेकर उसका पालन-पोषण किया था. हालांकि, हाल के दिनों में वह सेवतर में नहीं रह रहा था. अतरी थानाध्यक्ष राज कौशल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है. फिलहाल परिजनों की ओर से कोई आवेदन नहीं मिला है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
मालगाड़ी की चपेट में आने से लखीसराय के युवक की हुई मौत
राजगीर-तिलैया रेलखंड स्थित अरई रेलवे लाइन के पास शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी.
