Gurua Snake Bite Death : गया जी के नगवां पंचायत के जयनगर गांव निवासी कपिल मांझी के 10 वर्षीय बेटे इंद्रजीत कुमार की मंगलवार सुबह सांप के डंसने से मौत हो गई. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.
सांप के बिल से अंटा निकालने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार मृत बच्चा अन्य बच्चों के साथ अंटा खेल रहा था और इसी दौरान अंटा सांप के बिल में चला गया, जिसके बाद बच्चे ने बिल में हाथ डालकर अंटा निकालने का प्रयास किया और तभी सांप ने उसे डंस लिया.
झाड़-फूंक के चक्कर में समय गंवाना और अस्पताल पहुंचना
परिजनों के अनुसार घटना के बाद बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय काफी समय तक झाड़-फूंक के लिए बक्स बाबा के पास रखा गया, और बाद में करीब 2:45 बजे बच्चे को मगध मेडिकल अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
दो महीनों में तीसरी घटना और ग्रामीणों में चिंता
बताया जाता है कि पिछले दो महीनों में नगवां पंचायत क्षेत्र में सांप के काटने से यह तीसरी मौत है, जिससे लगातार हो रही ऐसी दुखद घटनाओं के कारण स्थानीय ग्रामीणों में भारी चिंता और भय का माहौल बना हुआ है.
मुखिया प्रतिनिधि की संवेदना और अस्पताल ले जाने की अपील
मुखिया प्रतिनिधि राणा संतोष कुमार सिंह ने इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए बताया कि सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक के चक्कर में समय गंवाने के बजाय तत्काल किसी सरकारी अस्पताल पहुंचाकर सही इलाज कराने की बहुत जरूरत है.
