गया : GT रोड पर टायर फटने से पलटा आम से भरा ट्रक, केबिन में फंसकर ड्राइवर की दर्दनाक मौत

झारखंड से आम लेकर आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक शुक्रवार को गया में GT रोड पर अनियंत्रित होकर पलट गया. इस भीषण हादसे में ट्रक चालक की केबिन में ही फंसकर दर्दनाक मौत हो गई.

बाराचट्टी (प्रमोद कुमार). झारखंड से आम लेकर आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक शुक्रवार को गया में GT रोड पर अनियंत्रित होकर पलट गया. इस भीषण हादसे में ट्रक चालक की केबिन में ही फंसकर दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि ट्रक का अगला टायर फटने से यह हादसा हुआ. हादसे के बाद सड़क पर भारी मात्रा में आम बिखर गए, जिससे जीटी रोड पर कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह ठप हो गया.

तेज धमाके के साथ फटा टायर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी. अचानक जोर के धमाके के साथ ट्रक का अगला टायर फट गया. इससे पहले कि चालक गाड़ी को कंट्रोल कर पाता, ट्रक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया. टायर फटने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर दौड़ पड़े और पुलिस को सूचना दी.

भारी मशक्कत के बाद केबिन से निकाला गया शव

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई. ट्रक पलटने से चालक अंदर केबिन में ही बुरी तरह दब गया था. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से भारी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. इसके बाद पुलिस ने सड़क पर बिखरे आमों को किनारे करवा कर जाम खुलवाया और वाहनों का आवागमन सुचारू किया.

नंबर प्लेट से मालिक को तलाश रही पुलिस

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल (ANMMCH) भेज दिया है. फिलहाल मृतक चालक की शिनाख्त नहीं हो पाई है. पुलिस ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक का पता लगा रही है, ताकि चालक की पहचान कर उसके परिजनों को हादसे की सूचना दी जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRANJAL PANDEY

PRANJAL PANDEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >