गया में ज्वेलरी कारोबारी से 45 लाख की लूट के बाद व्यापारियों का फूटा गुस्सा, बाजार बंद कर जताया विरोध

Gaya News: जिले के गुरुआ बाजार में ज्वेलरी कारोबारी को गोली मारकर करीब 45 लाख रुपये के जेवरात लूट लेने की सनसनीखेज घटना के बाद गुरुवार को पूरा बाजार बंद है. व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है

Gaya News: (गुरुआ प्रखंड से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट)

जिले के गुरुआ बाजार में ज्वेलरी कारोबारी को गोली मारकर करीब 45 लाख रुपये के जेवरात लूट लेने की सनसनीखेज घटना के बाद गुरुवार को पूरा बाजार बंद है. व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. इधर इलाज के बाद घायल ज्वेलरी कारोबारी प्रभाकर कुमार वर्णवाल की हालत में सुधार बताया जा रहा है. पुलिस ने कारोबारी के बयान पर पांच अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है. देर रात तक एसएसपी सुशील कुमार और सिटी एसपी कोटा किरण कुमार गुरुआ बाजार में कैंप कर हालात का जायजा लेते रहे.

फिल्मी अंदाज में हुई थी बड़ी लूट

बुधवार शाम गुरुआ बाजार में हथियारबंद बदमाशों ने एस ब्रदर्स ज्वेलरी दुकान के संचालक प्रभाकर कुमार वर्णवाल को गोली मारकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया था. अपराधियों ने करीब 45 लाख रुपये के जेवरात, जरूरी कागजात और अन्य सामान से भरा बैग लूट लिया और फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी.

इलाज के बाद कारोबारी की हालत में सुधार

घटना में घायल प्रभाकर कुमार वर्णवाल का इलाज चल रहा है. परिजनों और चिकित्सकों के अनुसार अब उनकी हालत पहले से बेहतर है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं. घटना में दुकान के स्टाफ सुभाष कुमार भी घायल हुए थे, जिनका भी उपचार जारी है.

गुरुआ बाजार बंद, व्यापारियों में भारी आक्रोश

घटना के विरोध में गुरुवार को गुरुआ बाजार पूरी तरह बंद रहा. व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. बाजार बंद रहने से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा रहा और व्यापारियों ने प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की.

पांच अज्ञात अपराधियों पर केस दर्ज

पुलिस ने घायल कारोबारी प्रभाकर कुमार वर्णवाल के बयान पर पांच अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. कारोबारी ने बताया कि पांचों अपराधी दो बाइक पर सवार होकर आए थे. चार बदमाशों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था, जबकि एक का चेहरा खुला हुआ था. सभी अपराधियों के हाथों में हथियार थे.

घटनास्थल से बाइक और खोखा बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक और गोली का खोखा बरामद किया है. इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. पुलिस को उम्मीद है कि तकनीकी जांच और फुटेज के आधार पर जल्द अपराधियों तक पहुंचा जा सकेगा.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधी गुरुआ बस स्टैंड की ओर से आए थे और वारदात के बाद बरतल्ला मोड़ होते हुए गुरारू की दिशा में भाग निकले. भागते समय बदमाश लगातार फायरिंग कर रहे थे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी.

देर रात तक बाजार में डटे रहे एसएसपी और सिटी एसपी

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी सुशील कुमार और सिटी एसपी कोटा किरण कुमार देर रात तक गुरुआ बाजार में कैंप करते रहे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम को अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.

कम उम्र के बताए जा रहे अपराधी

घायल कारोबारी प्रभाकर कुमार वर्णवाल ने बताया कि सभी अपराधी कम उम्र के लग रहे थे. उन्होंने कहा कि अपराधियों ने तीन से चार राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उन्हें लग गई. वहीं स्टाफ सुभाष कुमार ने बताया कि पहली दो गोलियां उनके सिर के पास से गुजर गईं और तीसरी बार फायरिंग शुरू होते ही वे जान बचाने के लिए एक दुकान में छिप गए.

Also Read: गया में अपराधियों का तांडव, सर्राफा व्यवसायी को गोली मार 40 लाख की लूट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sakshi Kumari

साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >