गया जी. विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला 2026 की तैयारियों को लेकर गया जी के डीएम शशांक शुभंकर ने शुक्रवार को गया जंक्शन का औचक निरीक्षण किया.
इस दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों को वर्तमान में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और आगामी मेला अवधि के दौरान की जाने वाली विशेष व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया.
शौचालय, पेयजल और साफ-सफाई का लिया जायजा
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने स्टेशन परिसर स्थित शौचालय, विश्राम कक्ष (प्रतीक्षालय), पेयजल आपूर्ति, यात्रियों के बैठने की व्यवस्था और साफ-सफाई का गहन निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से इस संबंध में विस्तृत जानकारी ली.
पितृपक्ष मेले के दौरान देश-विदेश से गया पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए उन्होंने यात्री सुविधाओं, सुचारू भीड़ प्रबंधन और स्टेशन पर सुगम आवागमन पर विशेष जोर दिया.
समय से सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मेला अवधि के दौरान स्टेशन परिसर की साफ-सफाई और सभी बुनियादी सुविधाओं की नियमित निगरानी हर हाल में सुनिश्चित की जाए.
यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पहले पूरी तरह दुरुस्त रखने को कहा गया है. जिला प्रशासन देश के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगमता और पुख्ता सुरक्षा को लेकर लगातार उच्चस्तरीय तैयारियों की समीक्षा कर रहा है.
