गया जंक्शन पर पुराने फुट ओवरब्रिज को हटाने का काम शुरू, मेगा ब्लॉक के बाद बनेगा आधुनिक नया एफओबी

गया जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है. पुराने फुट ओवरब्रिज को हटाने का काम शुरू हो गया है, ताकि उसकी जगह एक नया और आधुनिक एफओबी बनाया जा सके. यह बदलाव स्टेशन के आधुनिकीकरण और बेहतर यात्री अनुभव की दिशा में महत्वपूर्ण है.

Gaya Junction Foot Over Bridge : गया जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या-1 के हावड़ा एंड स्थित पुराने फुट ओवरब्रिज (एफओबी) को हटाने का कार्य मंगलवार से शुरू कर दिया गया है. रेलवे द्वारा विश्वस्तरीय स्टेशन विकास योजना के तहत इस पुराने फुट ओवरब्रिज को पूरी तरह हटाकर उसकी जगह नया, आधुनिक और अधिक सुविधायुक्त फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जायेगा. इसके निर्माण से यात्रियों को प्लेटफार्मों के बीच आवागमन में अधिक सुविधा मिलेगी और भविष्य में बढ़ने वाली यात्री संख्या को भी बेहतर तरीके से संभाला जा सकेगा.

रेलवे का प्रयास है कि निर्माण कार्य के दौरान ट्रेनों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो. इसी उद्देश्य से ब्लॉक को सीमित अवधि के लिए रखा जा रहा है और कार्य को चरणों में पूरा किया जायेगा. आवश्यकतानुसार, ट्रेनों का संचालन अन्य प्लेटफार्मों से कराया जायेगा, जिससे रेल यातायात सामान्य बना रहे.

गया जंक्शन पर नया फुट ओवरब्रिज बनने से यात्रियों को अधिक सुरक्षित, चौड़ा और सुविधाजनक आवागमन मार्ग मिलेगा. यह परियोजना स्टेशन के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.

इस संबंध में प्रोजेक्ट मैनेजर संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि पुराने ढांचे को हटाने के बाद नये फुट ओवरब्रिज का निर्माण तेजी से शुरू किया जायेगा, जिससे स्टेशन पर भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध करायी जा सकेंगी.

पहले चरण में चार-चार घंटे का मेगा ब्लॉक

चरणबद्ध तरीके से होगा मेगा ब्लॉक. फुट ओवरब्रिज को सुरक्षित तरीके से तोड़ने के लिए रेलवे प्रशासन ने चरणबद्ध योजना तैयार की है. पहले चरण में प्लेटफार्म संख्या-एक से प्लेटफार्म संख्या तीन तक अलग-अलग तिथियों में चार-चार घंटे का मेगा ब्लॉक लिया जायेगा.

इस दौरान पुराने स्ट्रक्चर को हटाने और आवश्यक तकनीकी कार्य किए जायेंगे. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ब्लॉक का समय इस प्रकार निर्धारित किया जायेगा ताकि ट्रेनों के परिचालन पर न्यूनतम प्रभाव पड़े और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े.

दूसरे चरण में प्लेटफार्म चार से सात तक चलेगा कार्य

दूसरे चरण में प्लेटफार्म चार से सात तक चलेगा कार्य. पहले चरण का कार्य पूरा होने के बाद दूसरे चरण में प्लेटफार्म संख्या चार से प्लेटफार्म संख्या सात तक चार-चार घंटे का मेगा ब्लॉक लेकर फुट ओवरब्रिज को हटाने का कार्य किया जायेगा.

इसके लिए संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव भेज दिया गया है. प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद मेगा ब्लॉक की तिथियों की घोषणा की जायेगी. रेलवे अधिकारी समय से पहले इसकी सूचना यात्रियों को उपलब्ध करायेगा ताकि वे अपनी यात्रा की योजना उसी अनुसार बना सकें.

Also Read : मोकामा रेल पुल पर एनआई कार्य के कारण सितंबर में बदलेगा ट्रेनों का रूट, गया जी के रास्ते चलेंगी कई ट्रेनें


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rohit kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >