शादीशुदा युवती की कथित ब्लैकमेलिंग विवाद में युवक की हत्या, वजीरगंज में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा

Gaya Ji News : गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में मानपुर निवासी रविकांत उर्फ राकेट हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है. प्रारंभिक जांच में मामला कथित ब्लैकमेलिंग विवाद से जुड़ा बताया गया है. पुलिस ने तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

Gaya Ji News : गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के पुनावा पहाड़ी के पास मिले मानपुर निवासी रविकांत कुमार उर्फ राकेट की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक शादीशुदा युवती को कथित रूप से ब्लैकमेल करने के विवाद में उसकी हत्या की गई. इस मामले में अधिकांश आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं. मृतक के पिता राजनंदन ने वजीरगंज थाना में सात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है.

पुलिस जांच में कथित ब्लैकमेलिंग एंगल आया सामने

पुलिस सूत्रों के अनुसार रविकांत का अलीपुर की दो युवतियों से प्रेम संबंध था. आरोप है कि उसने उनमें से एक युवती का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था. युवती की शादी होने के बाद भी वह कथित तौर पर उसी वीडियो के आधार पर उसे ब्लैकमेल कर रहा था. इसकी जानकारी युवती के मुंहबोले नाबालिग भाई को हुई. उसने रविकांत को कई बार ऐसा नहीं करने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं माना. बताया जाता है कि इसके बाद नाबालिग भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई.

हत्या के बाद गाड़ी लेकर फरार हुए आरोपी

योजना के तहत रविकांत को भाड़े पर वाहन लेकर चलने के बहाने वजीरगंज की ओर बुलाया गया. रास्ते में आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और वाहन में रखे पेचकस से कई बार हमला किया. जब उन्हें लगा कि उसकी मौत हो चुकी है, तो शव को पुनावा पहाड़ी के पीछे छोड़ दिया. हत्या के बाद आरोपी रविकांत की गाड़ी लेकर कुर्कीहार की ओर भाग रहे थे. देर रात तेज रफ्तार से वाहन जाते देख ग्रामीणों को संदेह हुआ और उन्होंने वजीरगंज पुलिस को सूचना दी.

वाहन से मिले अहम सुराग, तीन नाबालिग पुलिस हिरासत में

पुलिस ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया. गाड़ी में खून के निशान मिलने पर उसे जब्त कर लिया गया तथा तीन नाबालिगों को निरुद्ध कर लिया गया. शनिवार सुबह जब रविकांत के पिता अपने बेटे की जानकारी लेने वजीरगंज थाना पहुंचे, तब पूरे हत्याकांड का खुलासा हुआ. वजीरगंज कैंप डीएसपी सुनील पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला शादीशुदा युवती की कथित ब्लैकमेलिंग से जुड़ा है.

सात नामजद, अधिकांश नाबालिग

हत्या के समय चार लोग मौजूद थे, जिनमें से एक फरार है. उन्होंने बताया कि प्राथमिकी में सात लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें अधिकांश नाबालिग हैं. फिलहाल तीन आरोपियों को निरुद्ध किया गया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

Also Read : गया जी में आयोजित कार्यक्रम में न्याय व्यवस्था सुधार पर गंभीर चर्चा, न्यायमूर्ति एन. कोटिश्वर सिंह बोले-पुलिस जांच प्रणाली को और प्रभावी बनाना जरूरी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amrendra kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >