गया में अपराधियों का तांडव, सर्राफा व्यवसायी को गोली मार 40 लाख की लूट

Gaya Ji News: गया के गुरुआ बाजार में अपराधियों ने ज्वेलरी कारोबारी प्रभाकर कुमार वर्णवाल को गोली मारकर करीब 40 लाख रुपये के जेवरात लूट लिए. वारदात के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए. पुलिस जांच में जुटी है.

Gaya Ji News(संजीव कुमार सिन्हा): गया जिले के गुरुआ बाजार में बुधवार शाम अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया. हथियारबंद बदमाशों ने एस ब्रदर्स ज्वेलरी दुकान के संचालक प्रभाकर कुमार वर्णवाल को गोली मारकर करीब 40 लाख रुपये के जेवरात से भरा बैग लूट लिया. वारदात के बाद अपराधी फायरिंग करते हुए फरार हो गए, जिससे पूरे बाजार इलाके में दहशत फैल गई.

अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की

जानकारी के अनुसार प्रभाकर कुमार वर्णवाल रोज की तरह शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने उन्हें रोक लिया. विरोध करने पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगने से प्रभाकर कुमार घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद अपराधियों ने उनके हाथ से जेवरात, जरूरी कागजात और अन्य सामान से भरा बैग छीन लिया. घटना में दुकान के स्टाफ सुभाष कुमार भी घायल बताए जा रहे हैं.

पुलिस मामले की जांच में जुटी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधी गुरुआ बस स्टैंड की ओर से आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद बरतल्ला मोड़ होते हुए गुरारू की दिशा में भाग निकले. भागने के दौरान बदमाश लगातार फायरिंग करते रहे. घटना की सूचना मिलते ही गुरुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

अपराधी दो बाइक पर सवार होकर आए

घायल प्रभाकर कुमार वर्णवाल ने बताया कि जैसे ही अपराधियों ने गोली चलाई, वह नीचे बैठ गए. उन्होंने बताया कि करीब दो साल पहले गुरुआ में एक जमीन का एग्रीमेंट किया गया था, लेकिन अपराधियों को वह पहचान नहीं पाए. उनके अनुसार पांच अपराधियों में चार ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था, जबकि एक का चेहरा खुला था. सभी के हाथों में हथियार थे. पीड़ित ने बताया कि अपराधी दो बाइक पर सवार होकर आए थे और तीन से चार राउंड फायरिंग की. एक गोली उन्हें लग गई. वारदात के बाद बदमाश जेवरात से भरा बैग लेकर गुरारू की ओर फरार हो गए. उन्होंने यह भी कहा कि सभी अपराधी कम उम्र के लग रहे थे.

गुरुआ बाजार में दहशत का माहौल

वहीं दुकान के स्टाफ सुभाष कुमार ने बताया कि वे लोग दुकान बंद कर लौट रहे थे, तभी पांच अपराधियों ने हमला कर दिया. उन्होंने कहा कि पहली गोली उनके सिर के पास से गुजर गई, दूसरी बार भी वे बाल-बाल बच गए. तीसरी बार फायरिंग शुरू होते ही वे जान बचाने के लिए पास की एक दुकान में छिप गए और अपराधी बैग छीनकर फरार हो गए. घटना के बाद पूरे गुरुआ बाजार में दहशत का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

Also Read: बकरीद बाजार में छाया ‘टीपू सुल्तान’, देखने उमड़ रही लोगों की भीड़

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumarsuryakant

सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >