शेरघाटी से नवीन कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
Gaya Ji News : बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. उत्पाद विभाग की टीम ने डोभी थाना क्षेत्र के घटेरिया मोड़ के पास एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब की खेप जब्त की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस नाकेबंदी में एक लग्जरी क्रेटा कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है, साथ ही वाहन चालक को भी मौके से दबोच लिया गया है.
वाहन जांच के दौरान क्रेटा कार से मिलीं 686 बोतलें
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम को क्षेत्र में शराब की एक बड़ी खेप गुजरने की गुप्त सूचना मिली थी. इसी आधार पर घटेरिया मोड़ के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान एक संदिग्ध क्रेटा कार को रोककर जब उसकी गहन तलाशी ली गई, तो अधिकारियों के होश उड़ गए. कार के भीतर छुपाकर रखी गई विभिन्न नामी ब्रांडों की कुल 686 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई, जिसका कुल वजन 402.500 लीटर मापा गया है.
झारखंड के हजारीबाग का रहने वाला है गिरफ्तार तस्कर
कार से शराब बरामद होने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन चालक को हिरासत में ले लिया. गिरफ्तार युवक की पहचान झारखंड राज्य के हजारीबाग जिले अंतर्गत चौपारण थाना क्षेत्र के रहने वाले 25 वर्षीय गोलु पाण्डेय के रूप में की गई है. उत्पाद विभाग ने अवैध शराब की खेप के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही क्रेटा कार को भी पूरी तरह से जब्त कर लिया है.
झारखंड से बिहार लाई जा रही थी शराब, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
इस बड़ी कार्रवाई के संबंध में उत्पाद थाना के थानाध्यक्ष प्रभात विद्यार्थी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से की गई प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि शराब की यह बड़ी खेप झारखंड से बिहार के इलाकों में खपाने के लिए लाई जा रही थी. उन्होंने कहा कि यह शराब बिहार में कहां डिलीवर होनी थी और इस अवैध धंधे के पीछे मुख्य रूप से कौन-कौन से माफिया और सिंडिकेट शामिल हैं, इसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की गहराई से जांच की जा रही है. फिलहाल, गिरफ्तार आरोपित गोलु पाण्डेय के खिलाफ मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
Also Read: गयाजी में करंट की चपेट में आकार झुलसा किशोर, ग्रामीणों की सूझबूझ से बची जान
