गया जी से रोशन कुमार की रिपोर्ट
Gaya ji Crime News : गया जी शहर में अवैध हथियार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. डेल्हा इलाके में वाहन जांच के दौरान पुलिस की विशेष टीम ने एक लोडेड पिस्टल और छह कारतूस के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से एक्सयूवी700 गाड़ी और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.
कैसे पुलिस के हत्थे चढ़े तीनों युवक?
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 5 बजे डेल्हा थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि एक महिन्द्रा XUV700 पर सवार कुछ व्यक्ति किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में क्षेत्र में घूम रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एएसआई राजीव कुमार दुबे एवं सशस्त्र बल द्वारा गयाजी-टिकारी रोड पर वाहन जांच अभियान चलाया गया.
जांच के दौरान संदिग्ध XUV700 को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी में वाहन में सवार मो. चांद बादशाह के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए. वहीं वाहन चालक मो. एजाज मलिक के पास से वीवो कंपनी का मोबाइल और पीछे की सीट पर बैठे मो. फारूख के पास से एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ.
गाड़ी और पिस्टल की हो रही जांच
जांच टीम वाहन के नंबर प्लेट, इंजन नंबर और चेसिस नंबर के आधार पर उसके मालिक की जानकारी जुटा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं वाहन चोरी का तो नहीं है.
साथ ही पुलिस द्वारा बरामद पिस्टल का लाइसेंस मांगे जाने पर गिरफ्तार युवक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद हथियार को अवैध मानते हुए पुलिस ने उसे जब्त कर लिया. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह हथियार कहां से खरीदा गया और इसके पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है.
हथियार के बल पर जमीन कब्जा दिलाने का है काम
पुलिस सूत्रों के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार को सूचना मिली थी कि शहर में एक ऐसा गिरोह सक्रिय है जो महंगी और लग्जरी गाड़ियों में घूमता है तथा अवैध हथियारों के बल पर जमीन-जायदाद से जुड़े मामलों में दबाव बनाने का काम करता है. सूचना के आधार पर पुलिस को ऐसे संदिग्ध लोगों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया था. इसी अभियान के दौरान तीनों युवकों की गिरफ्तारी हुई है.
डीएसपी टाउन 2 धर्मेंद्र भारती के अनुसार पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हथियार के बल पर जमीन पर कब्जा दिलाने का काम करते हैं और इसके बदले मोटी रकम वसूलते हैं. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा इनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
पुलिस की जांच अब किस दिशा में बढ़ रही है?
पुलिस गिरफ्तार युवकों से आगे पूछताछ कर उनके नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई चेन और संभावित आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वे किसी संगीन वारदात को अंजाम देने की तैयारी में तो नहीं थे.
पुलिस तीनों आरोपितों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है. हथियार और वाहन से जुड़े सभी तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जांच एजेंसियां इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल कर रही हैं.
