गया: तिलक समारोह की दावत के बाद 40 लोगों को फूड प्वॉयजनिंग, CHC में लगी मरीजों की कतार
गुरुआ थाना क्षेत्र के धाना बिगहा गांव में शुक्रवार रात एक तिलक समारोह के दौरान दावत खाने से 40 से अधिक लोग फूड प्वॉयजनिंग का शिकार हो गए. खाना खाने के कुछ ही देर बाद लोगों को अचानक उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बेचैनी होने लगी.
गुरुआ (डॉ प्रमोद कुमार वर्मा की रिपोर्ट). गुरुआ थाना क्षेत्र के धाना बिगहा गांव में शुक्रवार रात एक तिलक समारोह के दौरान दावत खाने से 40 से अधिक लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए. खाना खाने के कुछ ही देर बाद लोगों को अचानक उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बेचैनी होने लगी. एक साथ इतने लोगों की तबीयत बिगड़ने से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मरीजों से भर गया अस्पताल
स्थिति बिगड़ती देख परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में मरीजों को गुरुआ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया. कुछ मरीजों का इलाज गांव के निजी क्लीनिकों में भी चल रहा है. एक साथ इतने मरीजों के पहुंचने से स्वास्थ्य महकमे में भी हड़कंप मच गया.
स्थिति नियंत्रण में, मेडिकल टीम कर रही निगरानी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया. चिकित्सा प्रभारी डॉ. हरेंद्र कुमार के निर्देश पर गांव में एंबुलेंस भेजकर मरीजों को तुरंत अस्पताल लाया गया. डॉ. नीतीश कुमार की देखरेख में मेडिकल टीम लगातार मरीजों की निगरानी कर रही है. राहत की बात यह है कि त्वरित इलाज मिलने के कारण सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है.