घर की डांट से भागीं चार लड़कियां, मौसी ने लगाया वेटर के काम पर, 8 घंटे में रेस्क्यू

स्थानीय थाना क्षेत्र से गुरुवार को एक साथ लापता हुई चार नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है.

गुरुआ. स्थानीय थाना क्षेत्र से गुरुवार को एक साथ लापता हुई चार नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है. इस मामले में अपहरण की आशंका जतायी जा रही थी, लेकिन जांच में एक बेहद चौंकाने वाला सच सामने आया. लड़कियां घर वालों की डांट-फटकार से नाराज होकर भागी थीं और बोधगया में अपनी मौसी के पास पहुंची थीं. हद तो तब हो गयी जब उनकी अपनी मौसी ने इन नाबालिग बच्चियों को घर भेजने या परिजनों को सूचना देने के बजाय वेटर के काम में लगा दिया. परिजनों ने शुक्रवार को गुरुआ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि घर की एक बेटी और तीन भतीजियां गुरुवार को स्नान करने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन देर रात तक नहीं लौटीं. परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बच्चियों को बहला-फुसलाकर ले जाने (अपहरण) की आशंका जतायी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने तुरंत कांड संख्या 156/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल सर्विलांस का सहारा लिया. इन सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर अतरी थाना क्षेत्र के दरियापुर और मोहनपुर थाना क्षेत्र के लय गांव में छापेमारी की और चारों लड़कियों को रेस्क्यू कर लिया.

पूछताछ में खुला मौसी का कारनामा

लड़कियों ने बताया कि वे घर वालों की डांट से नाराज थीं, इसलिए खुद ही घर छोड़कर निकल गयी थीं. शाम होने पर उन्होंने बोधगया में अपनी मौसी के मोबाइल पर संपर्क किया और उसी के घर चली गयीं. लेकिन मौसी ने नाबालिग बच्चियों को संरक्षण देने के बजाय उन्हें दो अलग-अलग जगहों पर वेटर के काम पर रखवा दिया. थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि सभी लड़कियां सुरक्षित हैं और पूरे मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRANJAL PANDEY

PRANJAL PANDEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >