सोना लूटकांड की जांच में तेजी लाएं

गया रेल थाना पहुंचे पटना रेल एसपी, बैठक में दिये दिशा-निर्देश

गया रेल थाना पहुंचे पटना रेल एसपी, बैठक में दिये दिशा-निर्देश संवाददाता, गया जी. पटना रेल एसपी अनंत कुमार राय ने शुक्रवार को गया जंक्शन पहुंचकर गया रेल थाना का निरीक्षण किया. उन्होंने रेलवे क्षेत्र में बढ़ते अपराध, सुरक्षा व्यवस्था व लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की. गया जंक्शन स्थित रेल थाना कार्यालय में आयोजित विशेष समीक्षा बैठक में गया सर्किल रेल डीएसपी आलोक कुमार सिंह, गया सर्किल इंस्पेक्टर, गया रेल थानाध्यक्ष शिव कुमार समेत गया सर्किल के विभिन्न रेल थानों के थानाध्यक्ष मौजूद रहे. बैठक का मुख्य उद्देश्य रेलवे क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाने के लिए ठोस और प्रभावी रणनीति तैयार करना रहा. बैठक में गया रेल थाना के बहुचर्चित सोना लूटकांड को लेकर विशेष चर्चा की गयी. एसपी अनंत कुमार राय ने अब तक की जांच प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से बिंदुवार जानकारी ली. उन्होंने लूटकांड में शामिल आरोपितों की पहचान, उनके आपराधिक नेटवर्क और घटना के पीछे की साजिश पर विस्तार से चर्चा की. एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच को और तेज किया जाये, ताकि सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सकें. उन्होंने कहा कि यह मामला पुलिस की साख से जुड़ा है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी. वारंटियों की गिरफ्तारी जल्द करें बैठक में चार सिपाही और दो सिविलियन के खिलाफ जारी वारंट की भी समीक्षा की गयी. एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वारंट जारी होने के बाद गिरफ्तारी में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाये. उन्होंने दो टूक कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है. पुलिसकर्मी भी अपराध में संलिप्त पाये जाते हैं, तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई होगी. साथ ही एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को आपसी समन्वय बढ़ाने, सूचना तंत्र को मजबूत करने और नियमित गश्त पर विशेष ध्यान देने को कहीं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Roshan Kumar

Roshan Kumar is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >