Gaya Ji News : बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार गुरुवार को बोधगया स्थित भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव में श्रद्धापूर्वक शामिल हुए. उन्होंने स्थानीय इस्कॉन मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण एवं भगवान श्री जगन्नाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया. इस दौरान उन्होंने बिहार सहित समस्त देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की मंगल प्रार्थना की.
मंदिर परिसर में झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
दर्शन-पूजन करने के बाद डॉ. प्रेम कुमार ने मंदिर परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता सेवा में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई. उन्होंने इस सेवा कार्य के बाद कहा कि सेवा ही सच्ची भक्ति है और स्वच्छता हमारी गौरवशाली भारतीय संस्कृति का एक अभिन्न हिस्सा है. मंदिर परिसर को पूरी तरह स्वच्छ रखना हर श्रद्धालु का नैतिक और सामाजिक दायित्व है.
रथ की पवित्र रस्सी खींचकर किया यात्रा का शुभारंभ
रथयात्रा के शुभारंभ के पावन अवसर पर उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ मिलकर भगवान श्री जगन्नाथ के भव्य रथ की पवित्र रस्सी खींची. इस दौरान उपस्थित भक्तों के "जय जगन्नाथ" के जयघोष से पूरा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा. डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि रथयात्रा सामाजिक समरसता, निस्वार्थ सेवा और मानव कल्याण का संदेश देने वाला एक महापर्व है, जो आपसी एकता, सद्भाव और संस्कारों को मजबूत करने की प्रेरणा देता है.
Also Read : गया जी के दिघी तालाब में बनेगा आइकॉनिक ब्रिज, 3.35 करोड़ की लागत से तीन महीने में होगा सौंदर्यीकरण
