विधायक ज्योति देवी के काफिले पर हमला, बॉडीगार्ड को भी पीटा, 20 के खिलाफ मामला दर्ज

Gaya News: विधायक ने आरोप लगाया है कि उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया. मामले में सात नामजद और 13 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है.

Gaya News: मोहनपुर थाना क्षेत्र के गंभीरा गांव में रविवार को बाराचट्टी की विधायक ज्योति देवी के काफिले के साथ हुई अभद्रता और सड़क पर लंबे समय तक चले हंगामे ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. विधायक के सुरक्षा कर्मियों और ग्रामीणों के बीच विवाद बढ़ता रहा, लेकिन काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची. स्थिति तब और बिगड़ गई जब विधायक के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप सामने आया.

गंभीरा गांव जाने के दौरान हुई घटना

जानकारी के अनुसार विधायक बुमुआर पंचायत के गंभीरा गांव में आदर्शी समाज द्वारा आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं. इसी दौरान सड़क के बीचों-बीच खड़ी एक सवारी वाहन (BR02M-2542) के कारण उनका काफिला रुक गया. सुरक्षा कर्मियों द्वारा वाहन हटाने का अनुरोध किए जाने पर वहां मौजूद लोगों के साथ कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया.

सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापाई

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा. विधायक के अंगरक्षकों के साथ धक्का-मुक्की की गई और स्थिति नियंत्रण से बाहर होती चली गई, लेकिन स्थानीय पुलिस समय पर नहीं पहुंच सकी. घटना ने पुलिस की तत्परता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर तब जब मामला एक जनप्रतिनिधि के काफिले से जुड़ा था.

विधायक ने लगाए आरोप

विधायक ने मोहनपुर थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि जब वह हालात संभालने के लिए वाहन से उतरीं तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई. उन्होंने दावा किया है कि पूरी घटना का वीडियो फुटेज उपलब्ध है, जिसे पुलिस को सौंपा जाएगा. मामले में पलटू यादव, सुनील यादव, दीपक यादव, सीता यादव, कारू मालाकार, राहुल मालाकार और विक्रम ठाकुर को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. इसके अलावा 13 अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

सूचना मिलने के बाद पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति शांत कराई गई, तब जाकर विधायक का काफिला सुरक्षित आगे बढ़ सका. मोहनपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: हाई वोल्टेज करंट से झुलसे दो मजदूर, इलाके में हड़कंप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumarsuryakant

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >