गया के वजीरगंज में प्रधानाचार्य को धमकी देने वाला आरोपी 15 दिन बाद भी फरार, पुलिस कर रही छापेमारी

वजीरगंज के उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को धमकी देने वाला आरोपी 15 दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, शिक्षक समुदाय में भारी आक्रोश व्याप्त है।

वजीरगंज. उच्च माध्यमिक विद्यालय महुगाइन के प्रधानाचार्य बिरेंद्र चौधरी के साथ गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोपी घटना के 15 दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से विद्यालय कर्मियों और शिक्षक समुदाय में नाराजगी है. प्रधानाचार्य ने अब वजीरगंज डीएसपी समेत विभागीय अधिकारियों को आवेदन देकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.

गार्ड को हटाने को लेकर दी थी धमकी

जानकारी के अनुसार 10 अगस्त की रात विद्यालय में कार्यरत गार्ड को हटाने को लेकर गांव के ही एक व्यक्ति ने प्रधानाचार्य के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी. घटना के बाद प्रधानाचार्य भयभीत हो गये. उन्होंने वजीरगंज थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी का भरोसा दिया था, लेकिन 15 दिन बीत जाने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. इसे लेकर शिक्षक समुदाय में क्षोभ है. शिक्षकों का कहना है कि विद्यालय के प्रधानाचार्य को इस तरह धमकी देना गंभीर मामला है और इसमें जल्द कार्रवाई होनी चाहिए.

संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही पुलिस

वजीरगंज थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जायेगी.

इधर, प्रधानाचार्य ने डीएसपी और विभागीय अधिकारियों को आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी दी है. उन्होंने आरोपी को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की है. शिक्षक समुदाय का कहना है कि ऐसे मामलों में त्वरित पुलिस कार्रवाई से शिक्षकों और विद्यालय कर्मियों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमरेंद्र कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >