इस रास्ते से प्रखंड की तीन पंचायतें मोचारिम, अतिया व बसाढ़ी पंचायत के लोगों की आवाजाही होती है. नीमा, हथियार आदि गांवों के लोग भी निरंजना नदी पार कर इसी रास्ते से बोधगया बाजार आते-जाते हैं. इस रोड में कई ऐसी भी दुकानें हैं जहां ग्राहकों को खरीदारी के लिए जाने की विवशता भी है. इसके बावजूद इस अतिव्यस्त संकरी सड़क के दोनों किनारों पर फल, सब्जी व अन्य सामान बेचनेवाले फुटपाथी दुकानदारों ने कब्जा जमा लिया है. गाड़ियों की कौन पूछे पैदल चलनेवालों को भी दिक्कत होती है. सड़क जाम लगने से एंबुलेंस, दमकल, पुलिस व जरूरी कार्यों से आवाजाही करने वाले लोग प्रभावित होते रहते हैं.
सुरक्षा-व्यवस्था में बाधा बनीं फुटपाथी दुकानें
बोधगया: अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल बोधगया के गोदाम रोड में कब्जा कर दुकानें सजा ली गयी हैं. इसके चलते सड़क जाम की स्थिति बनी हुई है. लोगाें को हर दिन समस्या का सामना करना पड़ रहा है. हर समय इस रोड में गाड़ियों की आवाजाही होती है. कभी-कभार तो आधे किमी तय करने में घंटे भर […]

बोधगया: अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल बोधगया के गोदाम रोड में कब्जा कर दुकानें सजा ली गयी हैं. इसके चलते सड़क जाम की स्थिति बनी हुई है. लोगाें को हर दिन समस्या का सामना करना पड़ रहा है. हर समय इस रोड में गाड़ियों की आवाजाही होती है. कभी-कभार तो आधे किमी तय करने में घंटे भर से भी ज्यादा समय लग जाता है.
महाबोधि मंदिर के पास रहती है भीड़ : गोदाम रोड में जाम रहने से आम लोग व विदेशी श्रद्धालु, तो परेशान होते ही हैं, महाबोधि मंदिर की सुरक्षा के लिहाज से भी यह खतरनाक हो सकता है. गोदाम रोड में हर बुधवार व रविवार को हाट लगने के कारण हर दिन की अपेक्षा ज्यादा भीड़ रहती है. आसपास के गांवों से भी सब्जी व अन्य सामान बेचने के लिए लोग पहुंचते हैं. ऐसे में सामान्य दिनों की अपेक्षा भीड़ ज्यादा बढ़ जाती है. यह भी ध्यान देने योग्य है कि गोदाम रोड से सटे महाबोधि मंदिर की चहारदीवारी से सुरक्षाबलों द्वारा मोरचा बना कर मंदिर की सुरक्षा की जा रही है. ऐसे में भीड़ का फायदा शरारती तत्व व आतंकी संगठन उठा सकते हैं. मोरचे पर तैनात सुरक्षाबलों को भी इस कारण कुछ ज्यादा ही चौकस रहना पड़ता है.
गांधी चौक के पास चलना मुश्किल : महाबोधि मंदिर, जगन्नाथ मंदिर, बोधगया मठ, डाकघर व आसपास के कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बीच स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के चहुंओर अतिक्रमण कर फल व सब्जी की दुकानें लगा दी गयी हैं.
कालचक्र पूजा के दौरान डीएम कुमार रवि के निर्देश पर गांधी चौक से अतिक्रमण हटाया गया था. लेकिन, पूजा के बाद फिर से दुकानें लग गयीं. अब स्थिति यह है कि गांधी चौक के पास पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. यहीं से गोदाम रोड शुरू होता है व गोदाम रोड में इन दुकानों के कारण ही ज्यादा जाम लगता है. इस बारे में बोधगया नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि नपं के पास पुलिस बल नहीं है. अतिक्रमणकारियों को हटाने के लिए एक दंडाधिकारी के साथ पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबलों की आवश्यकता पड़ती है. पूर्व में हटाये गये कब्जे के स्थान पर फिर से दुकानें लग चुकी हैं. यह लोगों की सुरक्षा व सुविधा के लिहाज से ठीक नहीं है. जल्द ही गांधी चौक व गोदाम रोड में दुकानें लगानेवालों को नोटिस भेजा जायेगा़