दहशत में हैं मांडर के लोग, शाम ढलते ही बंद हो जाती हैं दुकानें

विकास सिंह हत्या मामला डुमरिया : 13 मई को पिपरा निवासी विकास कुमार सिंह की हत्या व आगजनी की घटना के बाद अब भी मांडर बाजार के लोग दहशत में हैं. वैसे, वरीय पुलिस अधीक्षक व जिला अधिकारी के निर्देशानुसार भदवर थानाध्यक्ष प्रसिद्ध सिंह के नेतृत्व में दिन-रात स्थानीय पुलिस के साथ महिला पुलिस बल, […]

विकास सिंह हत्या मामला
डुमरिया : 13 मई को पिपरा निवासी विकास कुमार सिंह की हत्या व आगजनी की घटना के बाद अब भी मांडर बाजार के लोग दहशत में हैं. वैसे, वरीय पुलिस अधीक्षक व जिला अधिकारी के निर्देशानुसार भदवर थानाध्यक्ष प्रसिद्ध सिंह के नेतृत्व में दिन-रात स्थानीय पुलिस के साथ महिला पुलिस बल, लाठी पार्टी व एसटीएफ के जवान कैंप कर रहे हैं. इसके बावजूद मांडर के लोगों के मन मस्तिष्क में भय बना हुआ है. शाम होते ही लोग अपने-अपने घरों में बंद हो जाते हैं.
घटना के पांचवें दिन बुधवार को एक 60 वर्षीय महिला ने कहा कि ‘अपन होश संभालला के बाद से इतना बड़ा घटना न देखली हल, सपना में भी न सोचली हल कि एतना बड़ घटना घट जायत’. वहीं नाम नहीं छापने के शर्त पर मांडर के कुछ ग्रामीणों ने बताया कि घटना नयी है, तो पुलिस अपनी ड्यूटी निभा रही है. लेकिन, पुलिस कब तक सुरक्षा मुहैया करायेगी. विनय कुमार ने बताया कि लोगो में अब भी भय का माहौल कायम है. सभी व्यक्ति एक-दूसरे को शक की निगाह से देख रहे हैं. एक-दूसरे के सहयोग की भावना समाप्त होती जा रही है.
राजनीति का केंद्र बना गांव
घटना के बाद मांडर बाजार राजनीतिक का केंद्र बिंदु बन गया है. महागंठबंधन के कई नेताओं का मांडर बाजार आकर स्थिति का जायजा लेना, वहीं भाजपा गंठबंधन के नेताओं का गया शहर के न्यू एरिया में स्थित विकास सिंह के घर पर जाकर परिजनों से मिल कर सांत्वना देने का सिलसिला जारी है.
घटना के बाद पूर्व सांसद नागमणि आये थे. उसके बाद विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, विधान पार्षद डाॅ उपेंद्र प्रसाद, पूर्व सांसद बागी कुमार वर्मा, राजद के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो राधेश्याम प्रसाद सहित कई नेताओं ने मांडर बाजार में आकर घटना की जानकारी ली. दूसरी ओर औरंगाबाद सांसद सुशील कुमार सिंह, इमामगंज क्षेत्र के विधायक जीतन राम मांझी सहित कई नेता गया स्थित न्यू एरिया में मृतक विकास सिंह के घर जाकर परिजनों से मिले व सांत्वना दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >