गया : नगर निकाय चुनाव लड़ने का मकसद सिर्फ जनसेवा है. आम जनता की जिंदगी बेहतर करने से बढ़ कर कोई सुख-सुविधा नहीं है.
वार्ड नंबर 40 की जनता की हर एक तकलीफ दूर हो और उनका जीवन खुशहाल बने, यह मेरी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है.
इसके लिए कोई कसर नहीं छोड़ूंगी. अगर मतदाताओं का आशीर्वाद मिला और चुनाव जीतती हूं, तो नगर निगम में गरीबों को होल्डिंग टैक्स में छूट दिलाने की कोशिश करूंगी.
ये वादे वार्ड नंबर 40 की प्रत्याशी रेणु कुमार चौरसिया ने मंगलवार को जनसंपर्क के दौरान मतदाताओं से किये. उन्होंने कहा कि टैक्स कलेक्टर की मिलीभगत से अमीर लोगों का टैक्स कम कर लिया जा रहा है व गरीबों को टैक्स में किसी तरह की रियायत नहीं दी जा रही है.
लेकिन, जीत के बाद इस बात को गंभीरतापूर्वक बोर्ड की बैठक में उठाया जायेगा. इसके अलावा गरीबों को योजनाओं का लाभ उनके घर तक पहुंचाया जायेगा. किसी को समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारी के पास चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी.
उन्होंने कहा कि जनता का जुड़ाव देख कर साफ होता जा रहा है कि मतदाताओं ने इस बार शिक्षित व सशक्त महिला को अपना प्रतिनिधि बनाने का संकल्प लिया है. उन्होंने मंगलवार को पूरे वार्ड में घर-घर जाकर लोगों से अपने पक्ष में चुनाव चिह्न नल छाप पर वोट करने की अपील की.
