बोधगया : बिहार व झारखंड के सीमावर्ती इलाकों में नक्सलियों की करतूत पर लगाम कसने को लेकर शुक्रवार को बोधगया में रणनीति तैयार की जायेगी.
आइजी (नक्सल ऑपरेशन) कुंदन कृष्णन व झारखंड के आइजी सहित सीमावर्ती जिलों के एसपी व अन्य पुलिस अफसरों की संयुक्त बैठक में नक्सली ऑपरेशन को धार देने की रणनीति बनायी जायेगी.
जानकारी के अनुसार, बोधगया के एक होटल में सुबह करीब साढ़े 10 बजे से पुलिस अधिकारियों की बैठक होगी व इस दौरान दोनों राज्यों के सीमावर्ती जिलों के पुलिस अफसरों के बीच कम्यूनिकेशन को और पुख्ता करने व नक्सली ऑपरेशन के दौरान एक-दूसरे को सहयोग करने की नीति पर विमर्श किया जायेगा.
इस दौरान अपराधियों पर भी नकेल कसने व शराब की तस्करी रोकने को लेकर भी चर्चा की जायेगी. उल्लेखनीय है कि बिहार-झारखंड के सीमावर्ती जिलों के पुलिस पदाधिकारियों के बीच पहले भी इस तरह की बैठकें होती रही है व उसके सार्थक परिणाम भी सामने आये हैं. इसी कड़ी में शुक्रवार को भी दोनों राज्यों के पुलिस पदाधिकारियों की बैठक की जा रही है.
