नववर्ष. मंदिरों व रमणीक स्थलों पर युवाओं व परिवार की टोलियों ने लिया आनंद
पर्यटकों ने मनाया नववर्ष, तो युवाओं की टोलियों ने बाहर जाकर
हिसुआ : जहां मन रमा, मना लिया पहली जनवरी. यह उक्ति केदारनाथ के पर्यटकों के लिए ठीक बैठती है जिन्होंने रविवार को पहली जनवरी राह चलते हिसुआ के रेपुरा गांव के खेत-खलिहान में मनायी. कोहरे से धूप निकली थी और इनकी टोली घास पर बैठे चाय-नास्ते का लुत्फ लेते हुए गैस स्टोव जला रहे थे. पहली जनवरी को मजेदार पकवान बना कर पिकनिक मनाने की तैयारी थी. पूछने पर बताया कि पर्यटन पर निकले हुए हैं. पहली जनवरी को यादगार बना रहे हैं. केदारनाथ के गुप्तकाशी निवासी बनारसी लाल तिवारी, किशन लाल बगबाड़ी, पृथ्वीधर शुक्ला, द्वारिका प्रसाद शुक्ला, रेवती शुक्ला, बागबड़ी शुक्ला, सरोजनी तिवारी आदि ने इसका अलग ही आनंद बताया. रेपुरा के बट थाइ नालंदा फाउंडेशन के बुद्धा परिसर में भी पर्यटक पिकनिक का आनंद ले रहे थे.
हिसुआ में कई रंगों में पहली जनवरी मनी. धार्मिक विचार व आस्था रखनेवाले परिवारों ने बाल-बच्चों के साथ मंदिर जाकर माथा टेक मंगलकामना की, तो युवाओं की टोली ने स्थानीय स्पॉटों पर वेज व नॉनवेज का आनंद लिया. नगर के गायत्री मंदिर, पांचू शिवाला, पांचू देवी स्थान, टीएस कॉलेज का जय ज्वाला नाथ, हनुमान बागी का देवी मंदिर, झिकरूका मंदिर, तिलैया स्टेशन का मदनेश्वर मंदिर जाकर नये साल की मंगल कामनाएं कीं. हिसुआ में पहली तारीख को रेडिमेड, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स सहित कई दुकानें बंद रहने से लोग टोलियों में बाहर गये. खेत-खलिहानों व घरों की छतों पर भी किशोरों और छोटे बच्चों की टोलियों ने पिकनिक मनायी. साउंड बाक्स आदि बजा कर आनंद लिया. ज्यादातर युवा बोधगया, राजगीर, ककोलत, भीमबांध, तिलैया डैम, सीतामढ़ी, नवादा के रमणीक स्थानों सहित दूर-दराज स्थलों पर गये. स्थानीय रमणीक स्थल टीएस कॉलेज के पास का जय ज्वाला नाथ मंदिर, तिलैया स्टेशन के समीप का 20 कोणीय तालाब व मदनेश्वर मंदिर, झिकरूआ तालाब और मंदिर परिसर, नंदलाल बिगहा तालाब के समीप, कैथिर का मुरली पहाड़, मंझवे पहाड़ी बाबा के मजार के पास भी युवाओं ने आनंद लिया. रेपुरा के समीप बट थाई फाउंडेशन परिसर में बना विशालकाय बुद्ध की प्रतिमा और वहां के रमणीय दृश्यों को देखने पहुंचे. घरों में मनोरंजन चैनलों को देखते हुए, क्रिकेट और बैडमिंटन खेलते हुए भी युवाओं ने पहली जनवरी का आंनद लिया.
धूमधाम से मनाया गया नया साल नारदीगंज. प्रखंड स्थित विभिन्न जगहों पर रविवार को नव वर्ष धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर मछली, मीट दुकानों, सब्जी मंडी, राशन दुकानों में काफी भीड़ देखी गयी. ऐतिहासिक स्थल धनियांवा पहाड़ी, मधुवन अग्निधारा, वनगंगा के अलावा राजगीर आदि जगहों पर लोग पिकनिक मनाने गये. इस दौरान शाकाहारी व मांसाहारी भोजन बना कर खाने-खिलाने का दौर देर शाम तक चलता रहा. इस क्रम में बच्चों में काफी उत्साह देखा गया. मौके पर लोग एक-दूसरे को बधाई देकर नववर्ष की शुभकामनाएं भी दीं.
आतिशबाजी के साथ नववर्ष का स्वागत, वारिसलीगंज. नये साल का जश्न मनाने के लिए रविवार को लोग बड़ी संख्या में घरों से निकल कर निकटतम पिकनिक स्पॉटों पर जमा हुए. कई लोग साल के पहले दिन को यादगार बनाने के लिए तीर्थ स्थल रवाना होते देखे गये. साल के पहले दिन आम दिनों की अपेक्षा सड़कों पर भीड़-भाड़ अधिक रही. लोग अपने चाहने वालों को मोबाइल फोन से एसएमएस व फोन कर बधाई देने में लगे रहे. शनिवार की रात ठीक 12 बजे आतिशबाजी कर नववर्ष का स्वागत किया. आतिशबाजी के शोरगुल से बिल्कुल दीपावली जैसा वातावरण बना रहा. पाश्चात्य संस्कृति का प्रभाव लोगों के सिर चढ़ कर बोलते दिखा. मांस-मदिरा के शौकीनों ने जम कर खरीदारी की. सुबह से ही मांस-मुरगी की दुकानों पर बेतहाशा भीड़ देखी गयी, जो दिन भर चलता रहा. युवाओं ने नये कपड़े, मोबाइल से मस्ती भरी बातचीत और खेलकूद का आनंद लिया. कामनाओं की पूर्ति के लिए खास कर महिलाएं व युवतियों ने मंदिर जाकर पूजा-अर्चना भी की.
