गया: शहर के शाहमीर तक्या स्थित धनेश कंपाउंड में एक फ्लैट से मंगलवार की रात चोरों ने लाखों के जेवर व रुपये सहित कुछ साड़ियों पर हाथ साफ कर दिये. सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के धनेश कंपाउंड स्थित एक भवन में ग्राउंड फ्लोर पर रहनेवाले उदय कुमार ने बताया कि वह समाहरणालय की स्थापना शाखा में कार्यरत हैं. सोमवार की शाम वह मानपुर के सूर्यदेवनगर स्थित अपने भाई के घर चले गये थे. मंगलवार की रात बारिश होने के कारण वह वापस नहीं आ सके व मानपुर ही रह गये. उन्होंने बताया कि बुधवार को वह कार्यालय से शाम करीब साढ़े सात बजे अपने फ्लैट में लौटे, तो देखा कि पीछे ग्रिल का ताला टूटा है व अन्य कमरों के भी ताले टूटे हुए हैं.
कमरे में लोहे की अलमारी टूटी हुई थी और कपड़े आदि कमरे में बिखरे थे. उदय कुमार ने बताया कि अलमारी में रखे जेवर, 40 हजार कैश व साड़ियों समेत करीब तीन लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली गयी है. उन्होंने तुरंत सिविल लाइंस थाने को इसकी सूचना दी और इसके बाद पुलिस ने फ्लैट में आकर जांच-पड़ताल की.
उन्होंने इस बारे में सिविल लाइंस थाने में लिखित शिकायत भी कर दी है. उधर, सिविल लाइंस थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि घटनास्थल की जांच की गयी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से जांच-पड़ताल शुरू कर दी गयी है. पुलिस इस मामले में विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही है.
