गया: शहर स्थित बाजार समिति के परिसर में एनसीसी (27 बिहार बटालियन) के द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में शुक्रवार को एनसीसी कैडेटों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी गयी. इसके अलावा सेहत से जुड़े कई आवश्यक टिप्स भी दिये गये. इस मौके पर मौजूद आर्ट ऑफ लिविंग के योगा इंस्ट्रक्टर वीरेंद्र कुमार व एसआइसी के डिविजनल ऑफिसर वेंकेटेश कुमार ने कैडटों को बताया कि हमेशा स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहें.
योगा को अपने जीवन की महत्वपूर्ण गतिविधियों से जोड़ें. योगा से चरित्र निर्माण के साथ-साथ शरीर भी स्वस्थ रहेगा. इस दौरान आर्ट ऑफ लिविंग के योगा इंस्ट्रक्टर श्री कुमार व डिविजनल ऑफिसर श्री कुमार ने कैडेटों को योगा से संबंधित बातों पर विस्तृत जानकारी दी.
एनसीसी से संबंधित परीक्षाओं के बारे में भी दिये गये टिप्स
कैडेट्स को एनसीसी से संबंधित परीक्षाओं के बारे में प्रशिक्षण अधिकारी ले. कर्नल कलेमेंट थांगा ने जानकारी दी. उन्हें एनसीसी ए, बी व सी प्रमाणपत्र परीक्षा में सम्मिलित होने की योग्यता व उनसे प्राप्त लाभ के बारे में भी बताया गया. इस प्रशिक्षण शिविर में कैंप कमांडेंट ले कर्नल सुभाष सिन्हा, डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल रजनीकांत श्रीवास्तव, सूबेदार मेजर रामदास, कैप्टन सुंदर शर्मा, ले सुरेश कुमार, ले नीलम सिंह, मुकेश कुमार, प्रशिक्षण प्रभारी सुबोध कुमार, प्रभारी प्रधान लिपिक उमेश कुमार सिंह, लेखा लिपिक कौशलेंद्र कुमार, भंडार शाखा प्रभारी संतोष कुमार झा, अजीत कुमार, हवलदार देवेंद्र कुमार सहित बिहार के विभिन्न जिलों से आये करीब 600 कैडेट्स मौजूद थे.
