इमामगंज : क्षेत्र में अमन-चैन व शांति व्यवस्था को लेकर लोगों ने मंगलवार को रन फॉर पीस के तहत दौड़ लगायी. एसएसपी गरिमा मलिक, सिटी एसपी रविरंजन कुमार, एएसपी अभियान मनोज कुमार यादव व सीआरपीएफ अधिकारी संतोष कुमार की उपस्थिति में विभिन्न विद्यालयों व क्षेत्र के युवकों ने शांति के लिए करीब 12 किलोमीटर की दौड़ लगायी. इस मौके पर एसएसपी गरिमा मलिक ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि असली प्रतिभा ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में है. अगी बच्चियां भी आगे आ जाये, तो देश की तरक्की को कोई रोक नहीं सकता. बच्चे अगर किसी काम को ठान लें और सही दिशा में ऊर्जा लगाये, तो सफलता जरूर मिलेगी. रनफॉर पीस में करीब एक दर्जन विदेशी भी शामिल हुए.
…ताकि इस क्षेत्र का अंधकार मिटे: सीटी एसपी रविरंजन कुमार ने कहा कि ‘रन फॉर पीस’ इमामगंज में होने के कारण है कि इस क्षेत्र का अंधकार मिटे. उन्होंने कहा कि अशिक्षा से अज्ञानता व बंदूक से कलम की ओर यह दौड़ लगायी जा रही है.
प्रतिभागियों का हौसला देख हुई खुशी : सीआरपीएफ के द्वितिय कमान अघिकारी संतोष कुमार ने कहा कि ‘रन फॉर पीस’ में भाग लेने आये प्रतिभागियों का हौसला देख कर काफी अच्छा लगा. उम्मीद है कि इस क्षेत्र में विकास की धारा और तेजी के साथ चलेगी.
गांधी मैदान से मैगरा खेल मैदान तक लगायी दौड़
दौड़ गांधी मैदान से निकल कर मैगरा खेल मैदान तक पहुंची. यहां पहले से उपस्थित पदाघिकारियों ने टॉप टेन प्रतिभागियों का चुनाव किया. कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की बच्चियों ने वरीय पदाधिकारी का स्वागत गान से वेलकम किया. टॉपटेन प्रतिभागियों को एसएसपी, सिटी एसपी व द्वितीय कमान अधिकारी ने पुरस्कृत किया. इस दौड़ में बालक वर्ग में प्रथम स्थान अन्नपूर्णा उच्च विद्यालय ईटवा रोशनगंज के धर्मेंद्र कुमार व बालिका वर्ग में इसी विद्यालय की चंपा कुमारी को मिला. इन्हें लैपटॉप दिया गया.
बोले एएसपी (अभियान)
एएसपी अभियान मनोज कुमार यादव ने कहा कि आॅपरेशन विश्वास व ‘रन फॉर पीस’ के तहत अमन चैन स्थापित हुआ है. उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम आगे भी चलते रहेंगे. उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कलम में काफी ताकत है. यह ताकत जीवन में काफी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकती है. एक व्यक्ति को किसी भी ऊंचाई पर ले जा सकती है.
थानाध्यक्ष भी हुए सम्मानित
एएसपी अभियान मनोज कुमार यादव ने रन फॉर पीस मे अहम योगदान करने पर कोठी थानाध्यक्ष मोहम्मद क्यामुद्दीन अंसारी, रोशनगंज थानाध्यक्ष उत्तम कुमार व मैगरा थानाध्यक्ष मोहम्मद चांद परवेज को सम्मानित किया.
