मदरसा शिक्षकों का आमरण अनशन शुरू

गया : गैर योजना के तहत प्रस्वीकृत जिले के अराजकीय मदरसा व बालिका मदरसा के शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मचारियों ने आखिरकार बाध्य होकर सोमवार से जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय परिसर में आमरण अनशन शुरू कर दिया. शिक्षकों ने गत आठ फरवरी को पत्र देकर एक सप्ताह के अंदर भुगतान सुनिश्चित करने का अनुरोध किया […]

गया : गैर योजना के तहत प्रस्वीकृत जिले के अराजकीय मदरसा व बालिका मदरसा के शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मचारियों ने आखिरकार बाध्य होकर सोमवार से जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय परिसर में आमरण अनशन शुरू कर दिया.
शिक्षकों ने गत आठ फरवरी को पत्र देकर एक सप्ताह के अंदर भुगतान सुनिश्चित करने का अनुरोध किया था. नहीं करने पर 15 फरवरी से सामूहिक अनशन की चेतावनी दी थी. बातचीत के लिए अनशन स्थल पर आये जिला शिक्षा पदाधिकारी ठाकुर मनोरंजन प्रसाद को भी वापस लौटना पड़ा. अनशन पर बैठे शिक्षकों ने सीधा सवाल किया कि पर्याप्त आवंटन रहते पांच माह से वेतन भुगतान क्यों नहीं किया गया? इसके लिए कौन जिम्मेवार हैं? भुगतान सुनिश्चित नहीं होने तक अनशन जारी रहेगा.
गया जिला मदरसा शिक्षक संघ के बैनर तले आयोजित सामूहिक आमरण अनशन का समर्थन गया जिला अराजपत्रित शिक्षक संघ भी कर रहा है.

इसके जिलाध्यक्ष गोपाल प्रसाद यादव व नगर अध्यक्ष मो मंसूर अंसारी भी अनशन में पहुंचे. गया जिला मदरसा शिक्षक संघ के सचिव मो नाहिद अख्तर ने बताया कि महालेखाकार से जुलाई-2015 में ही 65 लाख रुपये का आवंटन स्वीकृत किया जा चुका है.

माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक के द्वारा 11 जुलाई 2015 को ही जिला कार्यक्रम पदाधिाकरी (स्थापना) को आवंटन उपलब्ध करा दिया गया है, लेकिन अब तक वेतन भुगतान नहीं किया जा सका. इससे शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मचारी व उन पर आश्रित परिजन भुखमरी के शिकार हो रहे हैं. इसके विरोध में मोहम्मद इसलाम अंसारी, मोहम्मद शाहिद अनवर, मोहम्मद इमतेयाज अहमद, मोहम्मद शहनवाज आलम, मोहम्मद ज्याउल हक समेत 14 शिक्षक व शिक्षकेत्तर कर्मचारी अनशन पर बैठे हैं. इधर जिला शिक्षा पदाधिकारी वेतन भुगतान की गारंटी देने में सक्षम नहीं हैं. ऐसे में भुगतान सुनिश्चित होने तक अनशन जारी रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >