गया: एक सप्ताह से पांच वार्डों (29, 30, 31, 32 व 33)में बंद पानी सप्लाइ के लिए नगर निगम जल पर्षद द्वारा युद्ध स्तर पर काम कराया जा रहा है. मोरचा संभाले मिस्त्री का मानें तो काम रविवार तक पूरा कर लिया जायेगा. नगर निगम व पीएचइडी के साथ हुई पूर्व के दिनों में बैठक कर यह तय किया गया था कि लिंकेज व अन्य त्रुटियों पर ठीक करने की जिम्मेवारी पीएचइडी की होगी. पानी सप्लाइ की देखरेख नगर निगम जलपर्षद के कर्मचारी करेंगे. पर, लोगों की परेशानी को देख कर नगर निगम जलपर्षद लिंकेज ठीक कराने के लिए आगे आयी है.
गौरतलब है कि प्रभात खबर में पांच फरवरी के अंक में ‘खत्म हुआ आश्वासन का दौर, अब होगा आंदोलन’ नामक शीर्षक से उक्त पांचों वार्डों में पानी सप्लाइ बंद करने की खबर को प्रमुखता से छापी गयी थी. इसके बाद नगर निगम जलपर्षद द्वारा युद्धस्तर पर लिंकेज ठीक कराया जा रहा है. लिंकेज ठीक कराने में दंडीबाग में बोरिंग के पास दो मिस्त्री व पांच लेबर ठंड में पसीना बहा रहे हैं. मिस्त्री रामजी व कृष्णा ने बताया कि डीआइ पाइप साढ़े पांच फुट काट कर वेल्डिंग की जायेगी. इसके बाद लिंकेज की समस्या दूर हो जायेगी. उन्होंने बताया कि रविवार तक काम पूरा कर लिया जायेगा.
इसके बाद शास्त्रीनगर, इमलियाचक, अशोकनगर, रामपुर, एपी कॉलोनी, मुस्तफाबाद, चाणक्यपुरी कॉलोनी, गेवालबिगहा, चिरैयाटांड़ व पुलिस लाइन आदि इलाकों में रविवार से पानी सप्लाइ चालू हो जायेगी. उल्लेखनीय है कि वाटर सप्लाइ के लिए पूर्व में नगर निगम द्वारा किर्लोस्कर कंपनी से काम कराया गया था. बाद में कंपनी द्वारा कामकाज में लापरवाही बरते जाने पर नगर विकास विभाग ने उसे ब्लैकलिस्टेड कर दिया गया. इधर, जल व्यवस्था संघर्ष समिति ने पानी सप्लाइ चालू कराने के लिए चार फरवरी को बैठक कर सात फरवरी को गया कॉलेज के पास धरना देने की घोषणा की थी.
