नियोजन. नगर व प्रखंड उर्दू शिक्षकों के चयन की प्रक्रिया संपन्न, 50% से अधिक सीटें खाली !
गया: शिक्षा विभाग के आदेशानुसार उर्दू-बांग्ला शिक्षकों का नियोजन के लिए शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित चार स्कूलों में अलग-अलग 28 नियोजन कैंप लगाये गये. चारों स्कूल में दिन भर नगर व प्रखंड उर्दू-बांग्ला शिक्षक अभ्यर्थियों का जमावड़ा लगा रहा. इसके बावजूद 50 फीसदी से अधिक पद खाली रह गये. वास्तविक आंकड़े का पता पूरी […]
गया: शिक्षा विभाग के आदेशानुसार उर्दू-बांग्ला शिक्षकों का नियोजन के लिए शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित चार स्कूलों में अलग-अलग 28 नियोजन कैंप लगाये गये. चारों स्कूल में दिन भर नगर व प्रखंड उर्दू-बांग्ला शिक्षक अभ्यर्थियों का जमावड़ा लगा रहा. इसके बावजूद 50 फीसदी से अधिक पद खाली रह गये. वास्तविक आंकड़े का पता पूरी रिपोर्ट तैयार होने के बाद ही पता चल सकेगा. शनिवार व सोमवार को सभी प्रखंड मुख्यालयों में पंचायत नियोजन इकाइयों द्वारा भी उर्दू-बांग्ला शिक्षकों के चयन के लिए कैंप लगाया जायेगा.
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) डॉ प्रियनंदन प्रसाद ने बताया कि शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव धर्मेंद्र सिंह गंगवार के निदेशानुसार पांच, छह व आठ फरवरी को विशेष कैंप लगा कर उर्दू-बांग्ला शिक्षकों का नियोजन सुनिश्चित किया जाना है. इसी आलोक में शुक्रवार को सदर अनुमंडल क्षेत्र की सभी नौ नियोजन इकाइयों के नगर व प्रखंड उर्दू-बांग्ला शिक्षकों के नियोजन के लिए जिला स्कूल में कैंप लगाया गया.
इसी प्रकार शेरघाटी अनुमंडल की सभी 10 नियोजन इकाइयों के लिए हरिदास इंटर स्कूल में, नीमचक बथानी अनुमंडल की सभी चार नियोजन इकाइयों के लिए महावीर इंटर स्कूल में व टिकारी अनुमंडल की सभी पांच नियोजन इकाइयोंं के लिए हादी हाशमी हाइस्कूल में नियोजन कैंप लगाये गये. उन्होंने बताया कि उर्दू शिक्षकों के रिक्त 1,060 पदों के एवज में पहले चरण में मात्र 110 उर्दू शिक्षकों का ही नियोजन हो सका है.
शेष 950 पदों के लिए नियोजन की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन अनुमान है कि 50 फीसदी से अधिक पद खाली रहने के अनुमान हैं. ऐसा इसलिए हो रहा है कि एक आवेदक ने प्राय: सभी नियोजन इकाइयों में आवेदन कर रखा है. रिक्त पदों के दस गुणा में शिक्षक अभ्यर्थियों को नियोजन कैंप में आमंत्रित किया गया है, लेकिन अभ्यर्थी नहीं मिल पा रहे हैं.
शेरघाटी प्रखंड नियोजन इकाई में उर्दू-बांग्ला शिक्षकों के 39 रिक्त पदों के एवज में मात्र 11 अभ्यर्थी ही पहुंचे. नौ अभ्यर्थियों का ही नियोजन हो सका. 30 पद खाली रह गये. इधर, शेरघाटी नगर पंचायत इकाई में 17 रिक्त पदों के विरुद्ध नौ अभ्यर्थी आये, जिनमें आठ का नियोजन किया गया. उधर, आमस प्रखंड में रिक्त आठ पदों के एवज में छह अभ्यर्थियों का नियोजन किया गया.