गया कॉलेज में गणतंत्र दिवस के दिन से प्राचार्य के वक्तव्य को लेकर शुरू हुआ विवाद सातवें दिन थम गया. आठवें दिन भी कम तनातनी नहीं रही. शिक्षकेतर कर्मचारी माने, तो छात्र नेताओं ने मोरचा खोल दिया. खैर, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं करने की शर्त पर वे भी मान गये. गुरुवार को नौवें दिन कॉलेज में गतिविधियां सामान्य हुईं. कॉलेज खुलने पर सभी ने राहत की सांस ली है. लेकिन, चुनौती अभी कम नहीं हुई है. छात्र-छात्राओं व टीचिंग स्टाफ के सामने कोर्स पूरा करने का चैलेंज है ही, अभी फॉर्म भरने का काम भी अधूरा ही है. कई विषयों के तो रिजल्ट भी नहीं आये हैं. गुरुवार को कॉलेज में कामकाज सामान्य होते ही विभागों में छात्र-छात्राओं की भीड़ उमड़ पड़ी.
गया: कर्मचारियों की सात दिनों की हड़ताल व एक दिन छात्रों के आंदोलन के बाद गुरुवार को गया कॉलेज खुला. कॉलेज खुलने के बाद स्टूडेंट्स व टीचिंग स्टाफ दोनों ने राहत की सांस ली. कॉलेज खुलते ही विभिन्न विभागों में छात्र-छात्राओं की भीड़ उमड़ पड़ी. हर कोई अपने-अपने हिसाब से जानकारी लेने में जुटा रहा. परीक्षा भवन से लेकर तमाम विभागों में भीड़भाड़ दिखी.
कोर्स पूरा करने का दबाव : अधिकतर विभागों में कोर्स को पूरा कराने के लिए एक्सट्रा क्लासेज भी शुरू कराने की बात हो रही है. हालांकि, हड़ताल से पहले ही अतिरिक्त क्लासेज चलाये जा रहे थे. कुछ विभागों में छुट्टियों व क्लास टाइम बढ़ा कर कोर्स पूरा कराये जा रहे थे. लेकिन, हड़ताल से उनका शेड्यूल ही गड़बड़ हो गया.
एक बार फिर कोर्स पूरा करने का उन पर दबाव आ गया है.
परीक्षा विभाग के बाहर लगा नोटिस बोर्ड : कॉलेज के परीक्षा भवन में छात्रों की जमा हो रही भीड़ को देखते हुए बाहर नोटिस बोर्ड लगा दिया गया है. इसमें परीक्षा व रिजल्ट से जुड़ी तमाम जानकारी उपलब्ध करायी गयी है. परीक्षा विभाग के नियंत्रक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पार्ट थ्री में परीक्षा फाॅर्म बिना विलंब शुल्क के 11 फरवरी तक जमा किये जायेंगे. पार्ट वन का रिजल्ट विश्वविद्यालय द्वारा जारी नहीं किया गया है. पीजी सेकेंड सेमेस्टर परीक्षा 2014 -16 में एमकॉम, केमेस्ट्री, जूलॉजी व मैथ्स के रिजल्ट आ चुके हैं. बाकी विषयों के रिजल्ट अभी पेंडिंग हैं. उन्होंने बताया कि इंटर परीक्षा-2016 के प्रवेश पत्र की अब तक कोई सूचना नहीं है.
