गया: गया कॉलेज में प्राचार्य को हटाने व कर्मचारियों की अन्य मांगों को लेकर सात दिनों से चल रही हड़ताल जिला प्रशासन व विश्वविद्यालय प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद खत्म हो गयी.
मंगलवार की देर शाम कर्मचारी संघ के नेता व विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों की सार्थक वार्ता के बाद बात बनी.
कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बीएन सिंह ने बताया कि देर शाम कुलपति आवास पर हुई वार्ता में कर्मचारियों की 11 सूत्री मांग को कॉलेज व विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा मान लिया गया है. छात्रहित को देखते हुए कर्मचारी संघ ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया है. मंगलवार की दोपहर से ही विश्वविद्यालय के कई पदाधिकारी कर्मचारियों के मान-मनौव्वल में लगे थे.
मंगलवार को छात्र संगठन के प्रतिनिधियों ने कुलपति निवास में कुलपति से मुलाकात कर कॉलेज खाेलने के लिए बुधवार को 10 बजे तक का समय दिया था. इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आया और कर्मचारियों की मांग मान कर हड़ताल तुड़वाने के लिए कर्मचारियों को राजी कर सका. कर्मचारी संघ के अध्यक्ष के अनुसार, वार्ता में जिलाधिकारी कुमार रवि, मगध विश्वविद्यालय कुलपति प्रो मोहम्मद इश्तियाक खां, रजिस्ट्रार डॉ सीताराम सिंह, प्रोक्टर डॉ नंदकुमार यादव, गया कॉलेज प्राचार्य डॉ शमसुल इसलाम, सिटी डीएसपी आलोक कुमार सिंह, कर्मचारी संघ के सचिव कैलाश प्रसाद के साथ अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.
