गया: अच्छी सेहत के लिए दांत स्वस्थ्य रहना भी जरूरी है. आज दांत की समस्या से लगभग सभी लोग परेशान रहते हैं. दांत में अगर कोई समस्या हो, तो कई बीमारियां होती हैं. ये बातें मंगलवार को लाइफ लाइन नर्सिंग होम में डेंटल विभाग का उद्घाटन करते हुए मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो एम इश्तियाक ने कहीं.
कुलपति ने कहा कि शहर में अत्याधुनिक सुविधा से परिपूर्ण दंत चिकित्सालय की कमी थी, जो आज पूरी हो गयी. डॉ शाकिब खान आफरीदी व डॉ रफत सुल्ताना ने कहा कि इस अस्पताल में रूट कैनाल ट्रीटमेंट, डिजिटल डेंटल एक्स-रे एंड ब्रिज, अल्ट्रासोनिक स्केलिंग, फिक्सड एंड रिमूवल आर्थोडोंटिक ट्रीटमेंट, माइनर ओरल सर्जरी, एक्सट्रेक्शन ऑफ टीथ, ब्लीचिंग ऑफ टीथ व कास्मेटिक एंड कंपलीट डेंचर फैब्रिकेशन के साथ-साथ अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं.
अस्पताल में गरीब व कमजोर वर्गों के मरीजों के लिए विशेष व्यवस्था की गयी है. इस मौके पर इनकम टैक्स के डिप्टी कमिश्नर सौरभ कुमार राय, नर्सिंग होम के निदेशक डॉ एमएन अंजुम, डॉ फरासत हुसैन, डॉ विजय जैन, डॉ विजय कुमार करण, डॉ डीके सहाय, मिर्जा गालिब कॉलेज के प्राचार्य डॉ गुलाम समदानी व अन्य लोग मौजूद थे.
