बोधगया: बोधगया से सिक्किम ले जाये जा रहे तीन नाबालिग बच्चों को पुलिस ने सिक्किम के लोगों से छुड़ा कर चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया है. बोधगया के इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली सूचना के बाद जगदंबा बस से ले जाये जा रहे बच्चों को बेगूसराय में पकड़ा गया.
इसके बाद उन्हें बोधगया लाया गया और काउंसेलिंग के लिए पीपल फर्स्ट संस्था द्वारा चलाये जा रहे चाइल्ड लाइन में सोमवार को भेज दिया गया. उन्होंने बताया कि बरामद बच्चे बोधगया थाना क्षेत्र के गंगा बिगहा निवासी सोहराय पासवान के बेटे नंदु (10 वर्ष), बेटी रेणु (12 वर्ष) व अंजु (8 वर्ष) हैं.
उन्होंने बताया कि काउंसेलिंग के बाद सच्चाई का पता चल पायेगा कि बच्चों को बाल मजदूरी के लिए ले जाया जा रहा था या किसी अन्य वजहों से. इसके बाद बच्चों को ले जाने वालों पर कार्रवाई की जायेगी.
