अब एयरपोर्ट पर मीट एंड ग्रीट भी

बोधगया: गया एयरपोर्ट पर आनेवाले विभिन्न देशों के यात्रियों, श्रद्धालुओं को अब भाषा को लेकर परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा. उन्हें उनकी भाषा में बातचीत करनेवाला व्यक्ति मौजूद मिलेगा व इमिग्रेशन सहित अन्य सुविधाओं का जुगाड़ कर देगा. इसके लिए सोमवार को एयरपोर्ट टर्मिनस पर मीट एंड ग्रीट स्वागत सेवा की शुरुआत की गयी. […]

बोधगया: गया एयरपोर्ट पर आनेवाले विभिन्न देशों के यात्रियों, श्रद्धालुओं को अब भाषा को लेकर परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा. उन्हें उनकी भाषा में बातचीत करनेवाला व्यक्ति मौजूद मिलेगा व इमिग्रेशन सहित अन्य सुविधाओं का जुगाड़ कर देगा. इसके लिए सोमवार को एयरपोर्ट टर्मिनस पर मीट एंड ग्रीट स्वागत सेवा की शुरुआत की गयी. डीएम कुमार रवि व एयरपोर्ट डायरेक्टर दिलीप कुमार ने इसका शुभारंभ किया. डायरेक्टर ने बताया कि यहां कई देशों से यात्री आते-जाते हैं व भाषा को लेकर उन्हें थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है. इस कारण फिलहाल यहां बर्मीज व थाई भाषा के दुभाषिये को तैनात किया गया है.
जल्द ही अन्य भाषाओं के ज्ञाता भी यहां मौजूद रहेंगे. उन्होंने बताया कि संबंधित भाषा की जानकारी रखने वाले गाइड उन्हें इमिग्रेशन, कस्टम ,टिकट बुकिंग, कॉन्फ्रेंस हॉल की बुकिंग, होटल, ट्रैवल्स व अन्य जानकारियां सहजता के साथ उपलब्ध करा सकेंगे. इसके लिए बर्ड ग्रुप के ग्लोब ग्राउंड इंडिया नामक कंपनी के माध्यम से आउटसोर्सिंग की गयी है. इनका कार्यकाल फिलहाल दो वर्षों का रखा गया है व इस सेवा के एवज में 300 रुपये का भुगतान भी यात्रियों को करना होगा. उन्होंने बताया कि इसके लिए फिलहाल 25 कर्मचारियों की सेवा ली जायेगी. इस अवसर पर ग्लोब ग्राउंड इंडिया के एग्जिक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट संजय कुमार झा, होटल एसोसिएशन बोधगया के महासचिव संजय कुमार सिंह, ट्रैवल्स एसोसिएशन के सुरेश कुमार सिंह, बीटीएमसी के सचिव एन दोरजी व अन्य मौजूद थे.
सीआइपी लांज की भी सुविधा
एयरपोर्ट टर्मिनस के अंदर अब कॉमर्शियल इंपोर्टेंट पर्सन (सीआइपी) लांज की भी सुविधा बहाल कर दी गयी है. इसके तहत एयरपोर्ट पर आनेवाला कोई भी व्यावसायिक व्यक्ति सीआइपी लांज में बैठ कर बातचीत कर सकता है या आराम कर सकता है. डायरेक्टर ने बताया कि अक्सर देखा जाता है कि एक ही विमान में दो सीटों पर बैठ कर आने वाले दो लोगों में बातचीत नहीं हो पाती है. उन्हें घंटे-दो घंटे के लिए अकेले में बातचीत करने की जरूरत महसूस होती है.

ऐसी स्थिति में दोनों या इससे ज्यादा व्यवसायी आपस में बैठ कर बातचीत कर सकते हैं. इसके अलावा विभिन्न विमानों के पायलट, एयर हॉस्टेस या अन्य कर्मचारी भी आराम करने की जरूरत महसूस होने पर सीआइपी लांज का उपयोग कर सकते हैं. इसके बदले में प्रति व्यक्ति दो घंटे के लिए मात्र 200 रुपये बतौर शुल्क देय होगा. उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट पर जल्द ही बैगेज रैपिंग मशीन लगायी जायेगी, जिससे यात्रियों के सामान को सुरक्षित ढंग से पैक किया जा सकेगा. उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होने के कारण उक्त सुविधाओं की यहां जरूरत थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >