मोहड़ा : गया जिले के बथानी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) परिसर में बुधवार की रात चिकित्सक डॉ सत्येंद्र कुमार सिन्हा पर जानलेवा हमला करने के मामले में गुरुवार को अतरी की राजद विधायक कुंती देवी के बेटे रंजीत यादव व माधोबिगहा के (विधायक का करीबी) रामबली यादव सहित सात लोगों के विरुद्ध बथानी थाने में एफआइआर दर्ज की गयी. डॉ सिन्हा के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में धारा 307, 353, 147, 148 व 149 लगायी गयी है. रामबली यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है.
वहीं, हमले के विरोध में स्वास्थ्य कर्मचारियों ने पीएचसी में पूरे दिन ओपीडी ठप रखी. उधर घायल डॉ सिन्हा को गया के जयप्रकाश नारायण अस्पताल में भरती कराया है, जहां उनकी हालत में सुधार है.
विधायक के बेटे पर डॉक्टर की पिटाई करने का आरोप लगने के मामले को एसएसपी गरिमा मलिक ने गंभीरता से लिया और विधायक के बेटे रंजीत यादव सहित अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर नीमचक बथानी के डीएसपी विद्यासागर के नेतृत्व में एसआइटी (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) का गठन किया. एसआइटी ने आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर राजगीर, अजयनगर, जगजीवनपुरी, सुमिरनबिगहा व माधोबिगहा सहित अन्य स्थानों पर छापेमारी की और आरोपित रामबली यादव को गिरफ्तार किया. लेकिन, घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी विधायक का बेटा रंजीत यादव पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका.
बेटा दोषी है, तो कानून के तहत कार्रवाई : विधायक
अतरी विधायक कुंती देवी ने डॉ सिन्हा पर जानलेवा हमला करने, अस्पताल में तोड़फोड़ कर सरकारी कामकाज में बाधा डालने के मामले पर कहा कि अगर मेरा बेटा रंजीत यादव दोषी है, तो कानून के तहत कार्रवाई होगी. हमारा परिवार कानून का सम्मान करता है. उन्होंने बताया कि रंजीत रजरप्पा (झारखंड) गया था. लेकिन, वहां से लौटने के बाद क्या हुआ, मुझे जानकारी नहीं है. हो सकता है कि वह जनता द्वारा की गयी शिकायतों के बाद अस्पताल में गया होगा. लेकिन, डॉ सिन्हा के साथ मारपीट घटना हुई है, तो वह गलत है.
स्वास्थ्यकर्मियों ने बंद रखी ओपीडी : हमले के विरोध में स्वास्थ्यकर्मियों ने गुरुवार को अोपीडी सेवा पूरी तरह से ठप कर दी. साथ ही, अस्पताल में राष्ट्रीय बाल सुरक्षा योजना के तहत चल रहा कार्यक्रम भी नहीं हो सका. अस्पताल में सुरक्षा की मांग को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों ने पूरे दिन ओपीडी बंद रहा. पीएचसी के प्रभारी डॉ अवधेश प्रसाद ने बताया कि इस माहौल से कर्मचारी भयभीत हैं. मामले को सिविल सर्जन डॉ कृष्ण मोहन पूर्वे ने भी गंभीरता से लिया है. सिविल सर्जन ने इस मामले में अपने कार्यालय में आपातकालीन बैठक कर डॉक्टरों से राय ली है.
इधर नीमचक बथानी के डीएसपी विद्यासागर ने बताया कि इस कांड के एक नामजद आरोपित रामबली यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसकी निशानदेही पर राजगीर, अजयनगर, जगजीवनपुरी, सुमिरनबिगहा व माधोबिगहा सहित कई अन्य स्थानों पर छापेमारी जारी है. डीएसपी ने बताया कि जल्द ही रंजीत यादव को गिरफ्तार किया जायेगा.
एडीजी (मुख्यालय) सुनील कुमार ने कहा कि अतरी की विधायक कुंती देवी के पुत्र रंजीत यादव के खिलाफ डॉ सत्येंद्र कुमार सिंहा ने मारपीट करने और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाते हुए नीमचक बथानी थाने में मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने इस मामले में रामबली यादव को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि अन्य आरोपितों की तलाश अभी जारी है.
जांच चल रही है. मामला सही पाया गया तो विधायक पुत्र कार्रवाई से नहीं बच सकेंगे. पुलिस अपना काम कर रही है. जदयू विधायक सरफराज की तरह कार्रवाई होगी.
तेजस्वी यादव, उपमुख्यमंत्री
