मानपुर (गया): छात्रों की छेड़खानी से तंग आकर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जनकपुर मुहल्ले में किराये के मकान में रहनेवाली एक महिला ने रविवार की सुबह फांसी लगा कर खुदकुशी का प्रयास किया. हालांकि, मुहल्ले के लोगों व अन्य किरायेदारों की मदद से उसे बचा लिया गया. निजी अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद दो बच्चों की मां पीड़ित महिला को मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भरती कराया गया. उसके पति ने उसी मकान में किराये पर रहनेवाले तीन छात्रों कुंदन कुमार, गुलशन कुमार व गोविंद कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला के पति मूलरूप से वजीरगंज थाना क्षेत्र के पतेड़मंगरावां गांव के रहनेवाले हैं. वह गया शहर स्थित एक शिशु रोग विशेषज्ञ के यहां कंपाउंडर हैं. वह अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ जनकपुर मुहल्ले में किराये के मकान में रहते हैं. इसी मकान में कई छात्र भी किरायेदार हैं. छात्र हमेशा उक्त महिला को तंग करते थे. मुफस्सिल थाने की पुलिस को दिये अपने आवेदन में पति ने बताया है कि उक्त तीनों छात्र कभी उनके कमरे के पास अभद्र भाषा लिखी तख्ती टांग देते थे, तो कभी कमरे के बाहर कंडोम को बैलून बना कर फेंक देते थे. उन्होंने इसकी शिकायत मकान मालिक से भी की थी. अंत में छात्राें की छेड़खानी से तंग आकर उनकी पत्नी ने आत्महत्या का प्रयास किया.
इस संबंध में थानाध्यक्ष सोना प्रसाद सिंह ने बताया कि चंदौती थाना क्षेत्र के सियारभुक्का गांव के कुंदन कुमार, खिजरसराय थाना क्षेत्र के बसमबिगहा के गुलशन कुमार व खिजरसराय थाना क्षेत्र के ही लोदीपुर गांव के गोविंद कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. मामले की जांच चल रही है. फिलहाल, महिला की हालत खतरे से बाहर है.
