बांकेबाजार: आरसीसी संगठन के नाम पर नक्सली संजय द्वारा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (बीइओ) से लेवी मांगे जाने का सिलसिला जारी है. अब नक्सली संजय ने बांकेबाजार के बीइओ अमरकांत झा से लेवी की मांग कर दी है. नक्सली ने बीइओ से मोबाइल फोन के जरिये 51 हजार रुपये की मांग की है. साथ ही, धमकी दी गयी है कि 25 जनवरी तक पैसा नहीं देने पर अगवा कर जान मार दिया जायेगा. धमकी से भयभीत बीइओ ने बांकेबाजार थाने में एफअाइआर दर्ज कराया है.
19 जनवरी से ही मांगी जा रही थी लेवी : बीइओ ने बताया कि 19 जनवरी को 11 बजे उनके सरकारी मोबाइल फोन पर एक व्यक्ति ने मोबाइल फोन नंबर 9801535292 से फोन किया और लेवी के रूप में 51 हजार रुपये मांगे. उन्होंने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया और फोन काट दिया. इसके बाद 20 जनवरी की दोपहर मोबाइल फोन नंबर 9504562778 से दोबारा फोन आया और लेवी की मांग की गयी. इस मामले को किसी की शरारत समझ कर छोड़ दिया. लेकिन, 21 जनवरी व रविवार को पुन: उसी व्यक्ति ने फोन कर धमकी दी. कहा गया है कि 25 जनवरी तक रुपये नहीं दिये गये, तो उन्हें घर से अगवा कर जान मार देंगे.
निकाला जा रहा कॉल डिटेल्स: बांकेबाजार थानाध्यक्ष अशोक चौधरी ने बताया कि आरसीसी संगठन के नाम पर नक्सली संजय द्वारा लेवी की मांग को लेकर दी गयी धमकी के मामले में बीइओ अमरकांत झा की शिकायत पर एफआइआर दर्ज कर ली गयी है. फोन करने के लिए जिन नंबरों का इस्तेमाल किया गया है, उसका डिटेल निकाला जा रहा है. इस मामले की जांच पड़ताल हो रही है.
नक्सलियों के निशाने पर बीइओ
बांकेबाजार बीइओ अमरकांत झा से लेवी मांगे जाने से पहले आमस, मोहनपुर, शेरघाटी, इमामगंज व डुमरिया के बीइओ से लेवी मांगी जा चुकी है. सभी में नक्सली संजय का ही नाम है. इन मामलों में एफआइआर भी दर्ज हो चुके हैं. जांच की जिम्मेवारी सिटी एसपी रविरंजन कुमार के पास है.
