ड्रोन कैमरे से लिये गये फोटो को पुलिस ने किया डिलीट

महाबोधि मंदिर क्षेत्र में ड्रोन से फोटोग्राफी करते पकड़ाया था चीनी युवक बोधगया से वापसी के वक्त कैमरा, मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स सामान कर दिये जायेंगे वापस 19 को युवक की बोधगया से होनी है वापसी बोधगया : महाबोधि मंदिर क्षेत्र में ड्रोन कैमरे से ली गयी फोटो को पुलिस ने डिलीट कर दिया है. […]

  • महाबोधि मंदिर क्षेत्र में ड्रोन से फोटोग्राफी करते पकड़ाया था चीनी युवक
  • बोधगया से वापसी के वक्त कैमरा, मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स सामान कर दिये जायेंगे वापस
  • 19 को युवक की बोधगया से होनी है वापसी
बोधगया : महाबोधि मंदिर क्षेत्र में ड्रोन कैमरे से ली गयी फोटो को पुलिस ने डिलीट कर दिया है. हालांकि, ड्रोन कैमरे को पुलिस ने फिलहाल अपने कब्जे में रखा हुआ है व चीनी युवक के बोधगया से वापसी के वक्त उसे कैमरे को लौटा दिया जायेगा. गौरतलब है कि मंगलवार की शाम को महाबोधि मंदिर क्षेत्र व जयप्रकाश उद्यान के आसपास ड्रोन कैमरे से फोटोग्राफी करते चीन के एक युवक को पुलिस ने पकड़ा था व उसके कैमरे व उससे संबंधित अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स सामान को जब्त कर लिया था.
कैमरे की मेमोरी कार्ड की जांच-पड़ताल की गयी व उसमें मौजूद फोटो को डिलीट कर दिया गया. बोधगया थानाध्यक्ष शिव कुमार महतो ने बताया कि हालांकि, उसके कैमरे से लिये गये फोटो में सुरक्षा से जुड़ी व संवेदनशील स्थलों को चिह्नित करने जैसी कोई बात सामने नहीं आयी है. ज्यादातर फोटोग्राफ व वीडियो छठ पूजा से संबंधित नदी के घाटों के थे. फिर भी सुरक्षा के लिहाज से चीनी युवक द्वारा ड्रोन कैमरे से लिये गये फोटोग्राफ को डिलीट कर दिया गया है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि चीनी युवक ने महाबोधि मंदिर परिसर में फोटोग्राफी के लिए बीटीएमसी से स्वीकृति व निर्धारित शुल्क अदा कर स्टिल कैमरे से फोटोग्राफी की थी. लेकिन, ड्रोन कैमरे से फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी के लिए इजाजत नहीं ली गयी थी. उन्होंने बताया कि चीनी युवक का कैमरा, मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स सामान फिलहाल जब्त हैं और उसके बोधगया से वापसी के वक्त कैमरा आदि सौंप दिये जायेंगे.
चीनी युवक का 19 नवंबर को बोधगया से वापसी का शिड्यूल पहले से ही तय है. हालांकि, यह भी सूचना मिली है कि उक्त युवक पिछले दिनों विष्णुपद मंदिर में भी फोटोग्राफी करना चाहता था पर, विष्णुपद मंदिर प्रबंधकारिणी समिति के सदस्यों ने उसे फोटोग्राफी करने से मना कर दिया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >