बैठक में गैरहाजिर रहे सीओ से लिया जायेगा स्पष्टीकरण

लाभुकों को हो रही है परेशानी गया : नगर प्रखंड स्थित ई-किसान भवन में मंगलवार को पंचायत समिति की बैठक में अंचलाधिकारी (सीओ) विजय कुमार सिंह की अनुपस्थिति को लेकर सदस्यों ने जम कर हंगामा किया. सदस्यों ने कहा कि जाति, आवासीय व आय का सर्टिफिकेट समय पर नहीं दिया जा रहा है. इस कारण […]

लाभुकों को हो रही है परेशानी

गया : नगर प्रखंड स्थित ई-किसान भवन में मंगलवार को पंचायत समिति की बैठक में अंचलाधिकारी (सीओ) विजय कुमार सिंह की अनुपस्थिति को लेकर सदस्यों ने जम कर हंगामा किया. सदस्यों ने कहा कि जाति, आवासीय व आय का सर्टिफिकेट समय पर नहीं दिया जा रहा है.

इस कारण लाभुकों को परेशानी हो रही है. पंचायत समिति सदस्यों ने बताया कि राशन कार्ड में आवासीय देना जरूरी है. आवासीय समय पर नहीं मिलने के कारण राशन कार्ड बनाने में परेशानी हो रही है. सदस्यों ने कहा कि सीओ अपने समय पर ऑफिस तक नहीं आते हैं, तो हमलोगों की समस्याएं कौन सुनेगा. इस दौरान प्रखंड प्रमुख शुचिता रंजनी ने सदस्यों को आश्वासन देते हुए कहा कि सीओ से स्पष्टीकरण मांगा जायेगा. वरीय अधिकारियों से शिकायत भी की जायेगी. प्रमुख के आश्वासन के बाद लोग जैसे-तैसे शांत हुए. बैठक की अध्यक्षता नगर प्रखंड प्रमुख शुचिता रंजनी ही कर रही थीं. संचालन बीडीओ अमित कुमार ने किया.

विधायक ने कहा, गांवों में होगा विकास का काम

बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह बेलागंज विधायक डॉक्टर सुरेंद्र प्रसाद यादव ने पंचायत समिति सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि हर गांव में विकास का काम होगा, तभी लोग खुश होंगे. विधायक ने कहा कि आपलोगों की समस्या हमारी समस्या है. समस्याएं दूर करने के लिए आपके साथ चलेंगे.

उन्होंने अफसरों से कहा कि वे सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता लाएं. पंचायतों में समुचित विकास का काम हो, इस बात का ख्याल रखा जाये. पंचायत समिति सदस्य धनंजय विश्वकर्मा ने मध्य विद्यालय बिहारशरीफ में कार्यरत टोला सेवक द्वारा काम में रुचि नहीं दिखाये जाने का मामला उठाया. मुखिया कामेश्वर यादव ने स्कूल के जर्जर भवन के जीर्णोद्धार की मांग रखी.

सदस्यों ने प्रमुख से की शिकायत

पंचायत समिति सदस्यों ने प्रमुख से शिक्षा, स्वास्थ्य, आपूर्ति व आंगनबाड़ी केंद्रों से संबंधित शिकायतें कीं. प्रमुख ने सभी पदाधिकारियों को अविलंब शिकायतें दूर करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई होगी.

आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी को लेकर एक सप्ताह के अंदर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया. बीडीओ अमित कुमार ने कहा कि सभी योजनाओं का लाभ लाभुकों को समय-सीमा के अंदर मिले, इसके लिए हर संभव प्रयास होगा. उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की कोई समस्याएं होती है, तो उन्हें फोन पर सूचना दी जा सकती है. उन्होंने कहा कि जन प्रतिनिधियों का सहयोग करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है. बीडीओ ने कहा कि गांवों में दौरा कर योजनाओं के बारे में लोगों को बताया जा रहा है, ताकि शत-प्रतिशत लोगों को लाभ मिले.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >