जापानी श्रद्धालुओं व पर्यटकों की संख्या बढ़ाने पर दिया जायेगा जोर
बिहार से फल व सब्जियों का जापान निर्यात करने पर किया जा सकता है विचार
बोधगया : पटना के मौर्या होटल में सोमवार को आयोजित फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज(फिक्की) के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे जापान के राजदूत केनजी हिरामत्सु ने कहा कि जापानी बौद्ध श्रद्धालुओं व पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी करने को लेकर मंथन जारी है. ज्यादा से ज्यादा जापानी श्रद्धालु बोधगया व अन्य बौद्ध स्थलों का भ्रमण करें, यह जापान सरकार भी चाहती है, पर उनके अनुकूल सुविधाएं बहाल करने पर भी जोर देने की आवश्यकता है.
फिक्की के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे बोधगया ट्रैवल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश सिंह ने जापानी राजदूत से टोक्यो से दिल्ली के लिए उड़ान भर रहे विमानों को वाया गया एयरपोर्ट किये जाने की मांग की, ताकि ज्यादा से ज्यादा जापानी पर्यटकों को बोधगया तक सुगमता से पहुंचाया जा सके. इस पर जापानी राजदूत ने कहा कि इस दिशा में पहल जारी है, पर गया एयरपोर्ट का रनवे छोटा होने के कारण बड़े विमानों की यहां से आवाजाही मुश्किल है. अगर रनवे की लंबाई बढ़ा दी जायेगी तो
टोक्यो से दिल्ली तक आवाजाही करने वाले विमानों को गया एयरपोर्ट तक पहुंचाया जा सकता है. श्री सिंह ने बताया कि इस दौरान पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही फिक्की के कार्यक्रम में इस बात पर भी जोर दिया गया कि फिलहाल जापान में 90 प्रतिशत फलों व सब्जियों का दूसरे किसी देशों से आयात किया जाता है. ऐसे में फूड प्रोसेसिंग यथा सब्जी व फलों को बिहार से जापान भेजा जा सकता है.
एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि जापानी राजदूत को बोधगया के प्रतीक बोधिपत्ता भेंट किया गया व पिछले कुछ वर्षों से जापानी श्रद्धालुओं के बोधगया में कम आवाजाही पर बातचीत की गयी. गौरतलब है कि तीन दिवसीय बिहार दौरे पर पहुंचे जापान के राजदूत ने रविवार को महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना की थी. इस दौरान बोधगया में कम होते जापानी श्रद्धालुओं से संबंधित ‘प्रभात खबर’ द्वारा पूछे गया सवाल पर मगध के आयुक्त व गया के डीएम से राजदूत ने इस बात की पड़ताल करने के साथ ही अपनी बात भी कही थी.
