गया : कम उम्र में शादी के खिलाफ अब नाबालिग लड़कियां खुल कर सामने आ रही हैं. उन्हें यह कतई मंजूर नहीं कि वे बाल विवाह की भेंट चढ़ जाएं. ऐसा ही एक मामला शनिवार को महिला हेल्पलाइन में आया. जहां कुजाप की रहनेवाली 15 वर्षीय रेशमी कुमारी ने आवेदन दिया कि उसके पिता कम उम्र में ही उसकी शादी कराना चाहते हैं, लेकिन वह पहले अपना कैरियर बनाना चाहती है.
शादी की तिथि भी 26 अप्रैल तय कर दी गयी है. इस मामले में हेल्पलाइन की परियोजना प्रबंधक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे चाइल्ड लाइन में सुरक्षा व पुनर्वास के लिए भेज दिया है. वहीं, इस मामले की सूचना बाल विवाह के लिए गठित टास्क फोर्स के अध्यक्ष डीडीसी, जिला कल्याण पदाधिकारी, डीपीएम महिला विकास निगम के अलावा प्रखंड विकास पदाधिकारी सदर को दी गयी है.
छह माह से डिप्रेशन में थी :
रेशमी कुमारी कुजाप के सूर्यपुरा इलाके में रहती है. वह जग्गू लाल मेहता उच्च विद्यालय में कक्षा नौ की छात्रा है. उसने बताया कि छह माह पहले जब उसे पता चला कि उसकी शादी होनेवाली है, तो वह परेशान हो उठी. आस-पास कई लड़कियों का कम उम्र में विवाह होता देख, उसे हमेशा तकलीफ होती थी. जब खुद के साथ यह होता देखा, तो वह डिप्रेशन में रहने लगी.
उसके किसान पिता सुनील प्रसाद को उसकी परेशानी से कुछ लेना-देना नहीं था. सिर्फ मां रिंकू देवी ही बेटी की परेशानी को समझ पा रही थी, लेकिन पति के आगे वह खुद को बेबस पाती थी. रेशमी ने बताया कि उसका छेका डिहुरी में एक 19 साल के लड़के से कर दिया गया है. पिता ने दहेज के रूप में बुलेट व दो लाख 75 हजार रुपये भी दिये हैं.
उम्र 15 साल, पिता ने आधार कार्ड में करवायी गड़बड़ी
प्लस टू जग्गू लाल मेहता हाईस्कूल द्वारा जारी परिचय पत्र में रेशमी का जन्म सात नवंबर 2003 दर्ज है. रेशमी ने बताया कि उनके पिता ने जब आधार कार्ड के लिए फाॅर्म भरवाया, तो उसमें उसका जन्म सात नवंबर 2001 कर दिया. जब उसे इसकी जानकारी मिली, तो उसने आधार कार्ड में जन्म की तिथि को ठीक कराया. रेशमी की शादी 26 अप्रैल को होनी है, जिसका कार्ड बांटा जा चुका है. रेशमी चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी है.
क्या कहते हैं लड़की के पिता
मेरी बेटी की शादी 26 अप्रैल को है. उसकी उम्र 18 वर्ष दो माह है. इस उम्र में शादी करना कानूनन गलत नहीं है. कोई भी उसके जन्म प्रमाणपत्र की जांच कर सकता है.
शिकायत करने की बहुत दिनों से जुटा रही थी हिम्मत
रेशमी ने रोते-रोते मीडियाकर्मियों को बताया कि वह कई महीनों से हेल्पलाइन में आने के लिए हिम्मत जुटा रही थी. शनिवार को जब लगा कि अब पिताजी उसकी शादी कम उम्र में करवा कर ही छोड़ेंगे, तो वह यह कहते हुए अपने घर से निकली कि वह ब्यूटी पार्लर जा रही है. रास्ते में पूछते-पूछते हेल्पलाइन के कार्यालय में पहुुंच गयी और आपबीती सुनायी.
क्या कहती हैं अधिकारी
रेशमी ने पिता के खिलाफ िशकायत की है. मामला बाल विवाह से जुड़ा है. जिले के आला अधिकारियों को सूचना दी जा चुकी है. अभी उसे चाइल्ड लाइन के सुपुर्द किया गया है. रेशमी के पिता को उसके जन्म प्रमाणपत्र के सही दस्तावेज के साथ कार्यालय में बुलाया गया है. अगर मामला सही पाया गया, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. चंदौती थाने से भी जांच करायी जा रही है.
