गया : गेवाल बिगहा मुन्नी मस्जिद के रहनेवाले फैज इकबाल टावर चौक के पास खरीदारी के लिए पहुंचे थे. सामान खरीदारी के दौरान पैसे की कमी हुई, तो टावर चौक के पास एटीएम से पैसा निकालने के लिए मशीन में पूरा प्रोसेस किया, लेकिन पैसा नहीं निकल सका. एटीएम के बाहर कुछ युवक खड़े थे. फैज के बाहर निकलते ही युवकों ने किसी तरह उनका डेबिट कार्ड पॉकेट से निकाल कर चलते बने. इसका एहसास फैज को नहीं हो सका. फैज ने बताया कि एटीएम नहीं होने का एहसास कुछ देर बाद हुआ जब पॉकेट पर हाथ गया.
उसके बाद कुछ कर पाते इससे पहले ही उनके मोबाइल पर तीन बार 1700, 2500 व 200 रुपये निकाले जाने का मैसेज आ गया. पूरा पैसा मानपुर स्थित एटीएम से निकाला गया है. इसके बाद फैज अहमद ने इसकी शिकायत कोतवाली थाने के अधिकारी को लिख कर दी. इस संबंध में कोतवाली थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि युवक ने डेबिट कार्ड से पैसा निकाले जाने की शिकायत की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. अपराधियों को जल्द ही पकड़ लिया जायेगा.
