13 सितंबर 2017 को साइबर कैफेवाले ने आतंकी को पकड़ कर सौंपा था पुलिस को
गया : अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट मामले का आरोपित आतंकी तौसीफ समेत तीन लोगों पर बिहार एटीएस ने कोर्ट में सोमवार को चार्जशीट दाखिल किया. एटीएस डीएसपी सह केस के अनुसंधानकर्ता कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि आतंकी तौसीफ, गुलाम सरवर व सन्ना खान के मामले में चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दिया गया है. गौरतलब है कि 13 सितंबर 2017 को गया के राजेंद्र आश्रम मुहल्ला स्थित साइबर कैफे संचालक अनुराग बसु ने सजगता दिखाते हुए आतंकी तौसीफ को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया था. इसके बाद तौसीफ के साथ कैफे पहुंचे उसके साथी सन्ना खान को गिरफ्तार किया गया. बाद में पुलिस ने इन दोनों की निशानदेही पर करमौनी से इनके सहयोगी गुलाम सरवर को गिरफ्तार किया. इसके बाद देश की सारी जांच एजेंसियां सक्रिय हुईं.
जांच एजेंसियों के अधिकारी गया साइबर कैफे पहुंच कर तौसीफ द्वारा इस्तेमाल किये गये कंप्यूटर के हार्ड डिस्क को भी कॉपी कर ले गये. उसके बाद ही देश के कई शहरों से आतंकी संगठन से जुड़े लोगों को पकड़ने में सफलता मिली है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बिहार एटीएस की टीम कुछ लोगों की तलाश में बेलागंज इलाके में भी सोमवार को गयी. हालांकि जांच के लिए बेलागंज जाने की पुष्टि कोई अधिकारी नहीं कर रहे हैं.
