लंबित पड़े केसों का करें जल्द से जल्द निबटारा
गया : गया रेलवे स्टेशन स्थित डीएसपी चैंबर में सासाराम, डेहरी, भभुआ, तारेगना, जहानाबाद व गया रेल थानों के पुलिस पदाधिकारियों के साथ रेल डीएसपी सुनील कुमार ने बैठक की. उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि होली पर्व समाप्त हो गया है. होली में घर आने वाले लोग अब वापस लौटने लगे हैं. इससे ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गयी है. भीड़ में असामाजिक तत्वों द्वारा गड़बड़ी करने की आशंका बढ़ जाती है. ऐसी स्थिति से निबटने के लिए ट्रेनों व प्लेटफॉर्मों पर की गयी सुरक्षा व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग करें. नशाखुरानी गिराेह से यात्रियों को बचाने के लिए विशेष अभियान चलायें.
किसी भी सूरत में सुरक्षा व्यवस्था में कोई कोताही नहीं हो. डीएसपी ने संबंधित थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि थाना में लंबित पड़े केसों का जल्द से जल्द निबटारा करें. साथ ही ट्रेनों में शराब धंधेबाजों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलायें. उन्हाेंने कहा कि पुराने केसों की डायरी डीएसपी मुख्यालय में जमा करें. थानाध्यक्षों को कहा कि जल्द से जल्द अपराध पर नियंत्रण करें. उन्होंने कहा कि जहानाबाद व तारेगना रेलवे स्टेशनों पर मोबाइल, लैपटॉप चोरी व पॉकेटमारी की घटनाएं हो रही हैं. इसे जल्द से जल्द रोकें. इस मौके पर गया रेल इंस्पेक्टर सुशील कुमार, गया रेल थानाध्यक्ष परशुराम सिंह, जहानाबाद थानाध्यक्ष अमीरउद्दीन खान सहित अन्य थानाध्यक्ष व इंस्पेक्टर उपस्थित थे.
दो थानाध्यक्षों को फटकार
बैठक में डीएसपी ने केस डायरी की समीक्षा करने के बाद जहानाबाद व सासाराम के थानाध्यक्षों को फटकार लगायी. उन्होंने कहा कि केसों का जल्द से जल्द निबटारा करें ताकि पब्लिक के बीच पुलिस की छवि अच्छी बने. डीएसपी ने इस बात पर नाराजगी जतायी कि चोरी, छिनतई की कई घटनाओं से संबंधित केस लंबे समय से लंबित पड़े हैं.
