सात जनवरी, 2011 काे 2.5 व 30 दिसंबर, 2014 काे 2.6 पहुंचा था पारा
गया : रविवार काे गया ठिठुर रहा था. जिले का न्यूनतम पारा सूबे में सबसे कम रेकाॅर्ड किया गया. गया का न्यूनतम पारा रविवार काे 2.8 डिग्री व अधिकतम पारा 20.7 डिग्री सेल्सियस रहा.
शनिवार काे न्यूनतम पारा 7.8 डिग्री व अधिकतम पारा 18.8 डिग्री सेल्सियस था. गाैरतलब है कि इसी तारीख यानी सात जनवरी, 2011 काे गया का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री पहुंच गया था. 30 दिसंबर, 2014 काे गया का न्यूनतम पारा 2.6 डिग्री व अधिकतम पारा 20.0 डिग्री व 29 दिसंबर 2014 काे न्यूनतम पारा 2.7 डिग्री व अधिकतम पारा 18.9 डिग्री सेल्सियस था.
आैर दाे दिनाें तक शीतलहर का रहेगा प्रकाेप : माैसम विज्ञान केंद्र, पटना, के अधिकारी के मुताबिक अभी दाे आैर दिनाें तक गया शीतलहर की चपेट में रहेगा. काेहरे का भी प्रकाेप बना रहेगा. रविवार काे सूबे के विभिन्न प्रमुख शहराें के तापमान पर नजर डाले, ताे भागलपुर का न्यूनतम पारा 3.1 डिग्री व अधिकतम पारा 15.5 डिग्री रहा.
इसी तरह पूर्णिया का न्यूनतम पारा 5.9 डिग्री व अधिकतम पारा 13.8 डिग्री सेल्सियस, पटना का न्यूनतम पारा 6.1 डिग्री व अधिकतम पारा 16.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि मुजफ्फरपुर का न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री व अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा. विगत पांच जनवरी को गया का न्यूनतम पारा 3.8 डिग्री व अधिकतम पारा 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा था.
शाम में जल्दी ही बाजार में सन्नाटा पसर गया आैर बाजार बंद भी हाे गये. जगह-जगह लाेग ठंड से बचने के लिए अलाव जला कर झुंड में बैठे दिखे. पारा गिरने से पूरा जनजीवन अस्त-व्यस्त हाे गया है.
होमगार्ड की ठंड से मौत
रफीगंज (औरंगाबाद) : ठंड की चपेट में आये एनटीपीसी खैरा थाने में तैनात होमगार्ड जवान रामकलेश गहलौत की शनिवार की रात पटना में इलाज के दौरान मौत हो गयी. विगत पांच जनवरी की रात गश्ती के दौरान ठंड लगने से वह गिर कर बेहोश हो गये थे. इसके बाद थानाध्यक्ष के सहयोग से इलाज के लिए परिजन पटना ले गये, जहां दो दिनों तक होश नहीं आया. शनिवार की रात डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. विगत पांच जनवरी की रात गश्ती के दौरान ठंड लगने से गिर कर बेहोश हो गये थे.
